🔴ओडिशा के कोरापुट में भी हिली धरती
राष्ट्रवाणी, 05 अप्रैल 2026। शनिवार रात जगदलपुर के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब 11.32 बजे लोगों ने घरों के अंदर रखे सामान में कंपन महसूस होने की बात कही, जिसके बाद कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय निवासियों के अनुसार कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बनी रही। हालांकि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की आधिकारिक सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पड़ोसी राज्य ओडिशा के कोरापुट जिले के सुनाबेड़ा क्षेत्र में रिक्टर स्केल पर 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई लगभग 5 किलोमीटर बताई जा रही है। अनुमान है कि जगदलपुर में महसूस किए गए झटके उसी भूकंप का प्रभाव हो सकते हैं।
भूकंप के बाद कई लोगों ने अपने परिजनों से संपर्क कर उनकी कुशलता की जानकारी ली। कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई।
प्रशासन की ओर से किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है।

