राष्ट्रवाणी, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक बदलाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। गृह विभाग अगले 48 घंटे के भीतर राज्य पुलिस सेवा (रापुसे) अधिकारियों की व्यापक तबादला सूची जारी कर सकता है। प्रस्तावित फेरबदल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), उप पुलिस अधीक्षक (DSP) और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) स्तर के अधिकारियों के प्रभार में बड़े पैमाने पर बदलाव होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर ग्रामीण, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और राजनांदगांव रेंज सहित कई महत्वपूर्ण जिलों और इकाइयों में पदस्थ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल सकते हैं। खासतौर पर वे अधिकारी, जो अपने वर्तमान पदस्थापन स्थल पर करीब दो वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, तबादला सूची में शामिल हो सकते हैं।

बताया जा रहा है कि पूर्व में स्थानांतरित किए गए कुछ अधिकारियों के आदेशों में भी संशोधन किया जा सकता है। तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से नई पदस्थापना ग्रहण नहीं कर पाने वाले अधिकारियों को लेकर भी गृह विभाग अंतिम निर्णय लेने की तैयारी में है।

पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग के स्तर पर लगातार मंथन जारी है। इस बीच कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण और प्रभावशाली जिम्मेदारियां मिलने की चर्चा भी तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि संभावित सूची में कुछ ऐसे नाम भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी नई पोस्टिंग कई लोगों के लिए चौंकाने वाली साबित होगी।

राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में तबादला सूची को लेकर अटकलों का दौर तेज है। कई अधिकारी अपनी पसंदीदा पोस्टिंग के लिए सक्रिय बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ जिलों में लंबे समय से बदलाव की मांग भी उठ रही थी।

हालांकि अंतिम सूची जारी होने तक आखिरी समय में बदलाव, नामों की अदला-बदली अथवा आदेश जारी होने में विलंब की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल पूरे पुलिस महकमे की नजर गृह विभाग से जारी होने वाले बहुप्रतीक्षित तबादला आदेश पर टिकी हुई है।नोट: यह जानकारी सूत्रों और प्रशासनिक चर्चाओं पर आधारित है। आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version