भिलाईनगर, 01 जुलाई। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाली एशिया-पैसिफिक-अफ्रीका अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के चार प्रतिनिधियों का भारतीय टीम में चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 4 से 13 जुलाई 2026 तक दक्षिण अफ्रीका के पोचेफस्ट्रूम शहर में आयोजित की जाएगी।
पावरलिफ्टिंग इंडिया द्वारा घोषित 17 सदस्यीय भारतीय दल में छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जयदीप साहू, अमान शुक्ला और प्रियांक मिश्रा को खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं निर्णायक कृष्णा साहू को भारतीय टीम का कोच नियुक्त किया गया है।
जयदीप साहू भिलाई इस्पात संयंत्र के वार्ड खिलाड़ी हैं, जबकि अमान शुक्ला बीएसपी के नॉन-वार्ड खिलाड़ी हैं। वहीं प्रियांक मिश्रा बिलासपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि जयदीप साहू, अमान शुक्ला और प्रियांक मिश्रा पहली बार भारतीय टीम की ओर से विदेश में किसी अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
वहीं भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्मिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक कृष्णा साहू अपने करियर का 33वां अंतरराष्ट्रीय दायित्व निभाएंगे। उन्हें खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अंतरराष्ट्रीय निर्णायक के रूप में लंबा अनुभव प्राप्त है।
कोच कृष्णा साहू ने बताया कि भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पॉवर जिम में खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए विशेष और कड़े प्रशिक्षण से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने में सफल होगी और देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेगी।
खिलाड़ियों के चयन पर छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा सहित खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश के इन खिलाड़ियों और कोच को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
भारतीय दल 4 जुलाई को मुंबई से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होगा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 12 खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों पर भी प्रदेशवासियों की विशेष नजर रहेगी। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि भारतीय टीम इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करेगी।
