नयी दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के मनोहर पार्क स्थित एक घर में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव हो जाने के कारण भीषण आग लग जाने से दो नाबालिग भाई-बहनों की मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

डीएफएस के अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब आठ बजकर 20 मिनट पर मनोहर पार्क के डब्ल्यूजेड-7 इलाके में हुई। दमकल की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। मौके पर पहुंची टीम ने पुष्टि की है कि आग एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण लगी थी।

पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान साक्षी (14) और उसके भाई आकाश (7) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्रा वीर ने बताया कि दोनों बच्चों की मां सविता (34) के अनुसार, वह रात करीब आठ बजे खाना बना रही थी, तभी पास में रखे कुछ कपड़ों में आग लग गई। घटना के समय कमरे में उनकी दो बेटियां और बेटा भी मौजूद थे।

डीसीपी ने बताया कि सविता और उसकी दूसरी बेटी मीनाक्षी (11) सुरक्षित बाहर निकाल ली गईं, जबकि साक्षी और आकाश अंदर फंस गए। वीर ने बताया कि इस घटना में तीन लोग भी झुलस गए, जिन्हें पीसीआर टीम ने आचार्य भिक्षु अस्पताल पहुंचाया। मृतक दोनों भाई-बहन पूरी तरह झुलस गए थे, जिन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि संदीप पाठक नामक एक अन्य व्यक्ति मामूली रूप से झुलस गया जिसका इलाज हो रहा है।
डीसीपी ने बताया कि दोनों बच्चों के पिता लाल बहादुर (40) अशोका पार्क मेन इलाके में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे। पंजाबी बाग पुलिस थाने से एक टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version