अंबिकापुर। सरगुज़ा संभाग के बलरामपुर जिले में पदस्थ एसडीओपी याकूब मेनन के खिलाफ दुष्कर्म का अपराध दर्ज किया गया है। एक पीड़िता की शिकायत पर आईजी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है। मामला रायपुर का होने के कारण डायरी रायपुर पुलिस को भेज दी गई है।
दरअसल याकूब मेनन रामानुजगंज में हेडक्वाटर डीएसपी के रूप में पदस्थ हैं। उनके खिलाफ रायपुर की रहने वाली एक महिला ने आईजी सरगुजा के समक्ष पहुंचकर एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया है कि याकूब मेनन ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी उसके पास हैं।

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2020-21 में याकूब मेमन टिकरापारा थाना प्रभारी थे। उस दौरान पीड़िता अपने पति के साथ उनके घर में किराए से रहती थी। महिला का आरोप है कि पति के बाहर रहने पर मेमन ने उसे डराया-धमकाया और कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसकी शिकायत पीड़िता ने रायपुर पुलिस से कई बार की, मगर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में पीड़िता ने सरगुजा आईजी से इस मामले की शिकायत की, जिसके बाद आईजी ने याकूब मेनन के खिलाफ अपराध दर्ज कराया और मामला रायपुर का होने के कारण डायरी रायपुर भेज दी।
याकूब मेमन वर्ष 1998 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश के रीवा और सतना जिले से करियर की शुरुआत की थी। छत्तीसगढ़ बनने के बाद उनकी पोस्टिंग बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और राजनांदगांव जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में हुई। नक्सल उन्मूलन में योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2016 में राष्ट्रपति पदक और 2021 में राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया था।

