राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। सावन की औपचारिक शुरुआत से पहले ही बिलासपुर में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिनभर आसमान में बादलों का डेरा, ठंडी हवाओं के झोंके और बीच-बीच में हुई हल्की वर्षा ने रविवार को खुशनुमा बना दिया। उमस के बावजूद मौसम का मिजाज राहतभरा रहा। इसका असर यह हुआ कि बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ कोटा और खूंटााघााट बांध, अरपा नदी और झीलों का रुख कर प्रकृति के मनोहारी दृश्य का आनंद लेते नजर आए। रविवार को बिलासपुर में दिनभर मौसम शांत रहा, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। बीच-बीच में चली ठंडी हवाओं और हल्की वर्षा की फुहारों ने वातावरण को सुहाना बनाए रखा। शहर के कुछ हिस्सों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम की इस नरमी ने लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए प्रेरित किया। अवकाश होने के कारण खुंटाघाट, कोटा बांध और अरपा नदी के तट पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। कई लोग छलकते बांध के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते नजर आए, जबकि कुछ युवाओं ने पानी में उतरकर मस्ती भी की। इंटरनेट मीडिया पर बांध, नदी और हरियाली के वीडियो व तस्वीरें पूरे दिन साझा होती रहीं। भीड़ बढ़ने पर कई स्थानों पर पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों को लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के अनुसार 27 जुलाई को बिलासपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। 28 और 29 जुलाई को भी दो-तीन दौर में वर्षा के आसार हैं, जबकि 30 जुलाई से एक अगस्त तक हल्की वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। रविवार को मौसम सुहाना होते ही शहर के पर्यटन स्थलों पर लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। बांध व अरपा नदी के किनारे परिवारों ने पिकनिक का आनंद लिया। युवाओं ने बादलों, हरियाली और छलकते पानी के बीच वीडियो और रील्स बनाईं। पूरे दिन इंटरनेट मीडिया पर बिलासपुर के प्राकृतिक नजारों से जुड़े फोटो और वीडियो खूब साझा किए जाते रहे।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version