शिलॉन्ग/इंदौर. शिलॉन्ग की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाहा की पुलिस हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी, जबकि कथित तौर पर इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या में शामिल तीन आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
रघुवंशी और उनकी पत्नी 23 मई को मेघालय के सोहरा क्षेत्र में हनीमून मनाते समय “लापता” हो गए थे. रघुवंशी का बुरी तरह सड़ चुका शव दो जून को एक खड्ड में पाया गया था. राज और हत्या में शामिल-आकाश राजपूत (19), विशाल सिंह चौहान (22) और राज सिंह कुशवाह (21) को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद सोनम ने अपने पति की हत्या के सिलसिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉन किटबोर कोशी मिहसिल की अदालत ने 11 जून को पांचों आरोपियों को आठ दिन की पुलिस हिरासत प्रदान की थी, जिन्हें ट्रांजिट रिमांड पर राज्य लाया गया था. इससे पहले दिन में पांचों आरोपियों को शिलॉन्ग के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी चिकित्सकीय जांच की गई.
राजा रघुवंशी हत्याकांड : सोनम और उसके “प्रेमी” के परिचितों, टैक्सी चालक से पूछताछ
बहुर्चिचत राजा रघुवंशी हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने के लिए इंदौर आई मेघालय पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो मुख्य आरोपियों-सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह के परिचितों के साथ ही एक टैक्सी चालक से पूछताछ की. चश्मदीदों ने बताया कि सोनम के भाई गोविंद बृहस्पतिवार को स्थानीय पुलिस की अपराध निरोधक शाखा के उस दफ्तर के बाहर नजर आए जहां लोगों से पूछताछ की गई. इससे पहले इंदौर में बुधवार को मेघालय पुलिस की जांच के दौरान गोविंद कई स्थानों पर दिखाई दिए थे. गोविंद ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें इस दफ्तर में बुलाया गया था, लेकिन उनसे कोई पूछताछ नहीं की गई.
उन्होंने बताया कि इस दफ्तर में उनके पारिवारिक कारोबार के कुछ कर्मचारियों और कुशवाह से जुड़े लोगों से पूछताछ की गई. सोनम का परिवार फर्नीचर में इस्तेमाल होने वाली सनमाइका शीट का कारोबार करता है. वह अपने पति राजा रघुवंशी के हत्याकांड में गिरफ्तारी से पहले तक मायके के कारोबारी प्रतिष्ठान का काम-काज संभाल रही थी. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, राजा रघुवंशी हत्याकांड की साजिश रचने का आरोपी राज कुशवाह हालांकि 12वीं फेल है, लेकिन वह इस कारोबारी प्रतिष्ठान में बतौर लेखापाल काम करता था जहां सोनम से उसकी कथित नजदीकियां बढ़ीं.
स्थानीय पुलिस की अपराध निरोधक शाखा के दफ्तर में एक टैक्सी चालक से भी पूछताछ की गई जिस पर सोनम को हत्याकांड के बाद इंदौर से उत्तर प्रदेश ले जाने का संदेह है. इस व्यक्ति ने अपना नाम बताने से इनकार करते हुए संवाददाताओं से कहा,”मुझे गाड़ी (टैक्सी) के मामले में बुलाया गया था. मुझे जो बताना था, मैंने पुलिस को बता दिया है.” मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी की 23 मई को साजिशन की गई हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और कुशवाह के तीन दोस्तों-विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया गया है.
राजा रघुवंशी के बड़े भाई ने कहा,”पूछताछ में गुमराह कर रही सोनम को इंदौर लाया जाए”
मेघालय में हनीमून मनाने गये इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सोनम पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को गुमराह कर रही है. राजा के बड़े भाई ने बृहस्पतिवार को यह दावा किया. उन्होंने इस बहुर्चिचत वारदात का पूरा सच सामने लाने के लिए सोनम और चार अन्य आरोपियों को इंदौर लाकर जांच किये जाने की मांग की. राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन ने यह बात ऐसे वक्त कही, जब शिलॉन्ग की एक अदालत ने सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह की पुलिस हिरासत दो दिन के लिए बढ.ा दी.
सचिन ने इंदौर में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ह्लपिछले आठ दिन की पुलिस हिरासत के दौरान हुई पूछताछ में सोनम ने जांचकर्ताओं को गुमराह किया और उन्हें हत्याकांड की पूरी जानकारी नहीं दी है. इसलिए मुझे लगता है कि उसे लम्बी अवधि के लिए पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जानी चाहिए.ह्व उन्होंने सोनम के पूरे परिवार के ‘नार्को टेस्ट’ की मांग दोहराई और कहा कि राजा के हत्याकांड में सोनम के परिजन और दोस्त भी शामिल हो सकते हैं.
सचिन ने कहा,”इतनी बड़ी साजिश रचना आसान नहीं है. मेरे भाई की हत्या का मकसद स्पष्ट होना चाहिए. इसके लिए सोनम और अन्य आरोपियों को जांच के वास्ते इंदौर लाया जाना चाहिए.” राजा रघुवंशी की मां उमा अपने दिवंगत बेटे को याद करके भावुक हो जाती हैं और बार-बार एक ही सवाल दोहराती हैं,”सोनम ने मेरे बेटे की हत्या क्यों कराई?” उन्होंने कहा, ”सोनम, उसकी सहेलियों और उसके सभी नजदीकी लोगों से विस्तृत पूछताछ होनी चाहिए. आखिर मेरे बेटे का क्या कसूर था और सोनम ने उसकी हत्या क्यों कराई? जब तक मैं इस सवाल का जवाब खुद सोनम के मुंह से नहीं सुन लूंगी, मेरे मन को तसल्ली नहीं होगी.”

