दीर अल बलाह. इजराइली सेना और ड्रोन ने मंगलवार तड़के मध्य गाजा में सहायता ट्रकों का इंतजार कर रहे सैकड़ों लोगों को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 25 लोग मारे गए. फलस्तीनी चश्मदीदों एवं अस्पतालों ने यह जानकारी दी. इस बीच, फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि गाजा में इजराइल के सैन्य अभियान में जान गंवाने वालों की संख्या 56,000 के पार पहुंच गयी है.

फलस्तीनियों का कहना है कि इजराइली सैनिक अक्सर भोजन इकट्ठा करने की कोशिश कर रही बेबस भीड़ पर गोलियां चलाते हैं. हालांकि, इजराइली सेना कहती है कि वह भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केवल चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाती है. मंगलवार की घटना के सिलसिले में फलस्तीनी चश्मदीदों ने कहा कि जब लोग पूर्व दिशा में वितरण स्थल पर भोजन पहुंचाने वाले ट्रकों की ओर बढ़ रहे थे, तो इजराइली सैनिकों ने गोलाबारी शुरू कर दी.

अहमद हलावा ने कहा कि टैंकों और ड्रोनों ने तब लोगों पर गोलीबारी की, ”जब हम भाग रहे थे. कई लोग या तो शहीद हो गए या घायल हो गए.” नुसीरत शरणार्थी शिविर में अवडा अस्पताल ने कहा कि 25 लोगों की जान गयी है, जबकि 146 अन्य घायल हुए हैं. अस्पताल ने बताया कि 62 लोगों की हालत गंभीर थी और उन्हें अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है. इस बीच, फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सात अक्टूबर, 2023 को युद्ध शुरू होने के बाद से गाजा में इजराइल के 21 माह के सैन्य अभियान में 56,077 लोग मारे गए हैं.

मंत्रालय ने कहा कि मृतकों में 5,759 ऐसे लोग हैं, जो 18 मार्च को इजराइल द्वारा दो महीने के युद्ध विराम को समाप्त कर लड़ाई फिर से छेड़ने के बाद मारे गए हैं. उसने कहा कि इस युद्ध में 131,848 लोग घायल हुए हैं. मंत्रालय ने मृतकों में नागरिकों एवं लड़ाकों का अंतर स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन उसका कहना है कि मृतकों में आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं. इजराइल का कहना है कि 20,000 से अधिक हमास आतंकवादी मारे गए हैं.

हालांकि उसने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया है, जबकि हमास ने अपने हताहतों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
इजराइल ने गाजा में अपना अभियान हमास के सात अक्टूबर, 2023 के हमले के बाद शुरू किया था. हमास ने सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिण इजराइल में धावा बोलकर लगभग 1,200 लोगों को मार डाला था तथा 251 अन्य लोगों को बंधक बना लिया था.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version