दुबई. यमन के हूती विद्रोहियों के नेताओं को निशाना बनाकर अगस्त में किए गए इजराइली हमले में समूह के सेना प्रमुख की मौत हो गई. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. गाजा पट्टी में संघर्षविराम होने के बावजूद हूती विद्रोहियों और इजराइल के बीच तनाव बढ़ने की आशंका बढ़ गई है.
हूती विद्रोहियों ने स्वीकार किया है कि इजराइली हमले में मेजर जनरल मुहम्मद अब्दुल करीम अल-गमारी की मौत हो गई है, जिसे देश में एक दशक से जारी युद्ध में उसकी भूमिका के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित किया गया था. इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने हूती विद्रोहियों के सेना प्रमुख की मौत की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि अल-गमारी की मौत हमले में लगी चोटों के कारण हुई. काट्ज ने 28 अगस्त को किए गए हमलों का हवाला देते हुए यह बात कही. तब हुए हमले में हूती विद्रोही समूह के प्रधानमंत्री अहमद अल-रहावी की भी मौत हो गई थी.

