राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बसहा में तालाब किनारे मामा-भांजे को लड़की के नाम पर घेरकर मारपीट करने और जबरन रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य युवकों ने दोनों को रोककर पहले गाली-गलौज की। इसके बाद शराब पीने के लिए रुपए मांगे।
रुपए देने से मना करने पर आरोपितों ने डंडे, बेल्ट और पाइप से दोनों की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। तालाब किनारे मामा-भांजे के पहुंचने के बाद युवकों ने उनसे लड़की के संबंध में सवाल किया।
इसी बात को लेकर बातचीत विवाद में बदल गई। पुलिस के मुताबिक शिकायत में दोनों ने बताया है कि युवकों ने पहले उन्हें घेरा और गाली-गलौज की। इसके बाद शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए।
पैसे देने से इनकार करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। शिकायत के मुताबिक मारपीट के दौरान आरोपितों ने गणेश की जेब से पांच हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद फोन-पे के माध्यम से दो हजार रुपए राहुल कुमार मरावी के खाते में ट्रांसफर करवाए गए।
