IND vs SA: भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल की चोट ने भारत की चिंता बढ़ा दी है। गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। गिल ने पहली पारी में तीन गेंदों का सामना किया, लेकिन चोट के कारण उन्हें मैदान से बाहर लौटना पड़ा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गिल की चोट पर जानकारी दी है। बीसीसीआई ने बताया कि गिल को गर्दन में मोच आई है और बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी जांच कर रही है। आज उनके खेलने पर फैसला उनकी प्रगति को देखते हुए लिया जाएगा।
भारत ने हासिल की बढ़त
भारत ने लंच ब्रेक तक पहली पारी में चार विकेट पर 138 रन बनाए थे, लेकिन दूसरे सत्र में टीम बढ़त लेने में सफल रही। भारत ने दूसरे दिन पहले सत्र में वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल और ऋषभ पंत के विकेट गंवाए। इसके बाद ध्रुव जुरेल भी पवेलियन लौट गए। भारत के लिए चिंता की बात यह है कि कप्तान शुभमन गिल चोटिल हो गए हैं जिस कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा है। दूसरे दिन केएल राहुल और वाशिंगटन ने टीम की पारी आगे बढ़ाई और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई। वाशिंगटन के आउट होने के साथ ही इस साझेदारी का अंत हुआ। वाशिंगटन के आउट होने के बाद गिल क्रीज पर उतरे थे। उन्होंने मैदान पर आते ही चौके के साथ खाता खोला, लेकिन उनके गर्दन में दर्द होने लगा। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए और गिल उनके साथ मैदान से बाहर चले गए।
गर्दन में मोच आने के बाद हुए रिटायर्ड हर्ट
दरअसल, गिल साइमन हार्मर की गेंद पर स्लॉग स्वीप करने के प्रयास में गर्दन में मोच आने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने हार्मर को बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से चौका मारा, लेकिन इस दौरान उनकी गर्दन में जकड़न पैदा हो गई। फिजियो तुरंत ही मैदान पर पहुंचे लेकिन इस स्टार बल्लेबाज को रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। यह घटना ड्रिंक्स ब्रेक के बाद 35वें ओवर में घटी। बीसीसीआई ने अभी तक चोट की गंभीरता के बारे में कोई सूचना जारी नहीं की है।

