राष्ट्रवाणी: न्यूज, बलौदाबाजार। शहर में जमीन के सौदे और निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पीड़ितों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित अब्दुल हैदर पर दर्जनभर से अधिक लोगों से करीब 10 करोड़ रुपये ठगी कर परिवार सहित फरार होने का आरोप है। हालांकि अभी तक दो-तीन पीड़ितों ने ही थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस का अनुमान है कि ठगी का दायरा इससे कहीं अधिक हो सकता है। जानकारी के अनुसार आरोपित लोगों को जमीन खरीद-बिक्री, निवेश और सस्ते सौदों का लालच देकर बड़ी रकम लेता था। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपित लंबे समय तक विश्वास बनाए रखता रहा और रजिस्ट्री या सौदा पूरा करने के नाम पर लगातार बहाने बनाता रहा। बाद में वह शहर छोड़कर फरार हो गया। शहर के दो कपड़ा व्यापारियों और एक आटो पार्ट्स व्यवसायी से ही आरोपित द्वारा करीब पौने दो करोड़ रुपये लेने की बात सामने आई है। वहीं मिक्सी, चूल्हा और गैस रिपेयरिंग का काम करने वाले एक व्यापारी से करीब 30 लाख की ठगी का आरोप है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपित ने जल्द मुनाफे और जमीन के पक्के सौदे का भरोसा दिलाकर रकम ली, लेकिन बाद में न तो जमीन मिली और न ही पैसा वापस किया गया। कोकड़ी के पूर्व सरपंच राजेश्वर बंजारे ने बताया कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए आरोपित को 12.50 लाख दिए थे। इसके बदले आरोपित ने उन्हें कोरे चेक दिए। कई बार रजिस्ट्री के लिए संपर्क करने पर वह अलग-अलग बहाने बनाता रहा। एक बार रजिस्ट्रार कार्यालय बुलाने के बाद भी दस्तावेज अधूरे होने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। आरोपित ने अपने समाज के लोगों को भी निशाना बनाया। समाज का पूर्व मुतवल्ली होने के कारण उसकी अच्छी पकड़ थी, जिसका फायदा उठाकर उसने कई लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए। कई लोगों ने बिना लिखित अनुबंध के केवल विश्वास के आधार पर रकम दे दी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने अपने जिस मकान में परिवार के साथ निवास किया, उसका भी सौदा कर दिया। उसने खरीददार से करीब 35 लाख रुपये लेकर कब्जा दे दिया, लेकिन बाद में पता चला कि मकान पहले से ही एचडीएफसी बैंक में ऋण के बदले गिरवी रखा हुआ था। इससे खरीददार भी आर्थिक संकट में फंस गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित की मोबाइल लोकेशन जम्मू-कश्मीर में मिली है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। अब्दुल हैदर के खिलाफ दो-तीन शिकायतें दर्ज हुई हैं। उन्हीं के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है। मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अन्य पीड़ित भी सामने आकर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि सभी मामलों को एक साथ लेकर प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके। – लखेश केवट, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी
Trending
- एल्डरमेनों को अपने नगर में नहीं मिला मंच, दूसरे नगर में दिलाई गई शपथ! विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आधा दर्जन से अधिक पार्षद रहे नदारद – राष्ट्रवाणी
- कग News: बुक डिपो में लगी भीषण आग, शटर तोड़कर आग बुझाने में जुटी सदरफ – राष्ट्रवाणी
- रायपुर में नकली नोट का नेटवर्क: 1.13 करोड़ के बदले मिलने थे 45 करोड़ के नकली नोट, ठगी का केस दर्ज – राष्ट्रवाणी
- चाकूबाजी से सनसनी: गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहे युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार, इधर थाना प्रभारी समेत दो आरक्षक लाइन अटैच – राष्ट्रवाणी
- अग्निवीर भर्ती 2026-27: सीईई का परिणाम घोषित, रायपुर के 170 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्र – राष्ट्रवाणी
- राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत – राष्ट्रवाणी
- खामोशी से मुस्कान तक… कॉक्लियर इम्प्लांट ने बदली नन्हीं जीविका की जिंदगी – राष्ट्रवाणी
- ग्रामीण उद्यमिता का मार्ग है संभागीय सरस मेला: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा – राष्ट्रवाणी
