तिरुवनंतपुरम: केरल में विपक्षी दल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने की समय सीमा बढ़ाने का आग्रह किया है। पार्टी ने बताया कि 23 जुलाई को मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद, नए नाम जोड़ने के लिए केवल 15 दिन का समय दिया गया। यह अवधि सात अगस्त को खत्म हो रही है।
विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को एक पत्र भेजा है, जिसका विवरण मंगलवार को उनके कार्यालय द्वारा मीडिया के साथ साझा किया गया। अपने पत्र में सतीशन ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नाम जोड़ने और सही करने के साथ-साथ एक वार्ड से दूसरे वार्ड में नाम स्थानांतरित करने की आॅनलाइन प्रक्रिया में कई क्षेत्रों में तकनीकी गड़बड़ियां आ रही हैं।
पत्र में कहा गया है, “जैसे-जैसे पंजीकरण की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है, तकनीकी गड़बड़ियां और भी बदतर होती जा रही हैं। वेबसाइट के बार-बार हैंग होने की शिकायतें आम हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इन तकनीकी समस्याओं के कारण कई लोग पंजीकरण नहीं करा पाए हैं और पिछली मतदाता सूची के कई नाम वर्तमान मतदाता सूची से छूट गए हैं।
इन ंिचताओं को देखते हुए, सतीशन ने अनुरोध किया कि मतदाता पंजीकरण की समय सीमा को 15 दिन और बढ़ाया जाए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी पात्र मतदाता इसमें शामिल हों। स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है।

