बालाघाट. मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में शनिवार को मार गिराए गए चार नक्सलियों पर कुल 56 लाख रुपये का इनाम था और इन सभी के खिलाफ 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. बालाघाट के थाना रूपझर व सोनेवानी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पचामा दादर-कटेझिरिया के जंगल में शनिवार को हुई मुठभेड़ में चार नक्सली मार गिराए गए थे. इनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं.
बालाघाट पुलिस ने एक बयान में कहा कि चारों लोग प्रतिबंधित माओवादी आंदोलन के ‘जीआरबी (गढ़चिरौली-राजनांदगांव-बालाघाट) डिवीजन के ‘क्षेत्रीय समिति के सदस्य’ थे. बयान में कहा गया, “चंदू उर्फ देवचंद की पत्नी रीता उर्फ तुब्बी श्रीरंगु हिदामी महाराष्ट्र की कोरची तहसील के नवेझरी की मूल निवासी थी. वह मध्यप्रदेश में 56 मामलों में वांछित थी और उस पर 14 लाख रुपये का इनाम था.ह्व इसके मुताबिक, तुलसी उर्फ विमला उर्फ इमला 13 मामलों में शामिल थी, जबकि सुमन 10 मामलों में नामजद थी और दोनों पर 14-14 लाख रुपये का इनाम था.
बयान के अनुसार, चौथा आरोपी रवि छत्तीसगढ़ के पश्चिम बस्तर का रहने वाला था और मध्यप्रदेश में 23 मामलों में वांछित था और उसके सिर पर भी 14 लाख रुपये का इनाम था. बयान में कहा गया है कि मुठभेड़ स्थल पर तलाशी अभियान जारी है. बालाघाट मध्यप्रदेश का एक नक्सल प्रभावित जिला है, जिसकी सीमाएं महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से मिलती हैं. मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक ग्रेनेड लांचर, एक एसएलआर राइफल, 315 बोर की दो राइफल, वॉकी-टॉकी सेट, सैकड़ों की संख्या में गोलियां और नक्सल साहित्य बरामद किया गया था.

