🔴ओलंपिक, किसान मेला और कुदरगढ़ महोत्सव का करेंगे शुभारंभ
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 21 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai 21 मार्च को सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अंबिकापुर में संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 और राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026 का उद्घाटन करेंगे, वहीं सूरजपुर जिले में कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का शुभारंभ भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 11:50 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित सरगुजा ओलंपिक 2026 का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन 21 से 23 मार्च तक चलेगा, जिसमें सरगुजा संभाग के सभी जिलों से 2000 से अधिक खिलाड़ी 12 विभिन्न खेल विधाओं—कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन, रस्साकसी आदि—में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य की खेल अकादमियों में सीधे प्रवेश देने के साथ उन्हें युथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में आयोजित दो दिवसीय तिलहन-किसान मेला 2026 का शुभारंभ करेंगे। इस मेले का आयोजन कृषि विभाग और Indira Gandhi Krishi Vishwavidyalaya द्वारा नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड्स के तहत किया जा रहा है।
दोपहर 2:40 बजे मुख्यमंत्री अंबिकापुर से रवाना होकर 3 बजे सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड स्थित कुदरगढ़ पहुंचेंगे, जहां कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे जिलेवासियों को 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से जुड़े 76 विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिसमें 52 कार्यों का लोकार्पण और 24 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री शाम 4:20 बजे कुदरगढ़ से रवाना होकर शाम 5:35 बजे रायपुर लौट आएंगे।

