8 लिपिक व RI को मिली प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी
राष्ट्रवाणी, 14 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रविवार को नगरीय निकायों में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश में कई नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
तबादला सूची में नियमित सीएमओ के साथ-साथ राजस्व निरीक्षक (आरआई), सहायक ग्रेड-2 और स्वच्छता निरीक्षक जैसे पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को भी प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुल आठ कर्मचारियों को प्रभारी सीएमओ के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश के अनुसार अरुण कुमार धुव को नवागढ़ राजपुर से दल्लीराजहरा, राजेश कुमार साहू को कवर्धा से धमधा, राजेश गुप्ता को दीपका से गौरेला तथा संतोष गुप्ता को बेलरगांव से कोण्डागांव नगर पालिका भेजा गया है। इसके अलावा कई अन्य नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में भी अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सात दिनों के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
इन कर्मचारियों को मिली प्रभारी सीएमओ की जिम्मेदारी
तबादला आदेश में सहायक ग्रेड-2, राजस्व उप निरीक्षक और स्वच्छता निरीक्षक पद पर कार्यरत कर्मचारियों को भी प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी बनाया गया है। इनमें प्रमुख रूप से श्रीमती माया बंजारे, प्रभाकर शुक्ला, भरतलाल साहू, रूद्रप्रताप सिंह देहारी, राघवचरण तिवारी तथा गणेश्वर कुमार काण्डे सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
प्रशासनिक कसावट की कवायद
नगरीय प्रशासन विभाग के इस निर्णय को नगरीय निकायों में प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और रिक्त पदों की समस्या दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कई नगर पंचायतों में नियमित सीएमओ उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रभारी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद और भी प्रशासनिक बदलाव किए जा सकते हैं।
