बेंगलुरु. अभिनेता दर्शन के प्रशंसकों द्वारा सोशल मीडिया पर कथित तौर पर धमकियां दिए जाने और आपत्तिजनक शब्द कहे जाने के सिलसिले में कन्नड़ अभिनेत्री राम्या उर्फ दिव्या स्पंदना की शिकायत पर मंगलवार को एक मामला दर्ज कर लिया गया. बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने यह जानकारी दी. सिंह ने बताया कि आयुक्त कार्यालय (सीसीपी) परिसर स्थित साइबर अपराध पुलिस थाने ने राम्या की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है.
उन्होंने कहा, “उपायुक्त स्तर के एक अधिकारी ने मामले की जांच का जिम्मा संभाल लिया है और वह जांच की निगरानी करेंगे.” राम्या ने सोमवार को सिंह से मुलाकात कर 43 सोशल मीडिया खातों के खिलाफ उनके बारे में अश्लील संदेश पोस्ट करने और उन्हें हत्या एवं बलात्कार की धमकी देने को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी. अभिनेत्री ने 27 जुलाई को एक सोशल मीडिया पोस्ट में अभिनेता दर्शन के प्रशंसकों को उनकी हिंसक टिप्पणियों के लिए आड़े हाथों लिया था.
राम्या ने कहा था कि 24 जुलाई को उच्चतम न्यायालय में रेणुकास्वामी हत्याकांड की सुनवाई के संबंध में एक रिपोर्ट साझा करने और रेणुकास्वामी के परिवार के लिए न्याय की मांग करने के बाद उनके सोशल मीडिया पेज पर आपत्तिजनक पोस्ट की बाढ़ आ गई. कन्नड़ अभिनेता दर्शन इस हत्याकांड में मुख्य संदिग्ध हैं.
इस बीच, कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार शिव राजकुमार ने राम्या के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा है कि “उनका रुख सही है.” राजकुमार ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राम्या के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्द निंदनीय हैं. किसी भी महिला के खिलाफ इस तरह बोलना सही नहीं है; ऐसी टिप्पणियां कतई स्वीकार्य नहीं हैं.” उन्होंने कहा कि महिलाओं का न केवल मां, बहन, बेटी और पत्नी के रूप में, बल्कि एक व्यक्ति के रूप में भी सम्मान करना बहुत अहम है. अभिनेता ने कहा, “सोशल मीडिया एक बहुत शक्तिशाली औजार है; इसका इस्तेमाल अपनी प्रगति के लिए किया जाना चाहिए, न कि महिलाओं को अपशब्द कहने और नफरत एवं ईर्ष्या फैलाने के लिए.”
दर्शन के प्रशंसकों की धमकी के संबंध में राम्या की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करेगी : परमेश्वर
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि पुलिस अभिनेत्री-से नेता बनी राम्या की उस शिकायत पर कार्रवाई करेगी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें अभिनेता दर्शन के प्रशंसकों ने कथित रूप से धमकियां दीं. परमेश्वर ने राम्या की शिकायत के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ”पुलिस कार्रवाई करेगी. इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए. भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए. आज यह राम्या है. कल कोई और हो सकता है. कहीं न कहीं ऐसी चीजों पर पूर्ण विराम लगाना होगा. पुलिस आयुक्त कार्रवाई करेंगे.” जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अधिकारियों को कोई निर्देश दिया है, तब उन्होंने कहा, ”आयुक्त (निर्देश) देंगे…आयुक्त संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे. मैं भी निर्देश दूंगा कि ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए.”
राम्या ने सोमवार को बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह से मुलाकात की थी और दर्शन के प्रशंसकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी. कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने सोमवार को बेंगलुरु पुलिस आयुक्त को एक पत्र भेजकर उनसे अपील की थी कि दर्शन के प्रशंसकों द्वारा सोशल मीडिया पर कथित तौर पर किए गए ‘अपमानजनक पोस्ट’ के बाद, राम्या समेत महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन दुर्व्यवहार में वृद्धि के विरूद्ध कार्रवाई की जाए.
राम्या ने हाल में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि ”उच्चतम न्यायालय भारत के आम लोगों के लिए आशा की किरण है – रेणुकास्वामी के परिवार के लिए न्याय.” वह रेणुकास्वामी हत्या मामले में शीर्ष अदालत की नवीनतम टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थीं. इस हत्याकांड में दर्शन एक आरोपी हैं. राम्या के इस पोस्ट के बाद, दर्शन के कई कथित प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर राम्या को निशाना बनाया.
उच्चतम न्यायालय ने पिछले सप्ताह रेणुकास्वामी हत्या मामले में कर्नाटक उच्च न्यायालय द्वारा दर्शन को दी गई ज.मानत रद्द करने की कर्नाटक सरकार की याचिका पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था. दर्शन और उनकी मित्र अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा इस हत्या मामले में 17 आरोपियों में शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, दर्शन के प्रशंसक 33 वर्षीय रेणुकास्वामी ने पवित्रा गौड़ा को अश्लील संदेश भेजे थे, जिससे दर्शन नाराज हो गए थे. बाद में रेणुकास्वामी की कथित तौर पर हत्या कर दी गयी थी. रेणुकास्वामी का शव पिछले साल नौ जून को सुमनहल्ली स्थित एक अपार्टमेंट के बगल में एक नाले के पास मिला था.

