राष्ट्रवाणी: नितिन नामदेव, रायपुर। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में फाफाडीह मुख्य मार्ग और आसपास के मार्गों पर गैस पाइपलाइन डालने के लिए की जा रही खुदाई पर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आपत्ति जताई है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राजधानी रायपुर प्रयोगशाला बन गई है कि कोई भी बाहर से आए और प्रयोग करके चला जाए?
उन्होंने निगम अधिकारियों से चर्चा कर कंपनी पर बड़ा जुर्माना लगाने की बात कही है. दरअसल, फाफाडीह मुख्य मार्ग और आसपास के मार्गों पर HCG प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की जा रही है. मनमाने तरीके से की जा रही खुदाई की स्थानीय निवासियों की शिकायत मिलने पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. मौके पर पाया गया कि कंपनी के पास नगर निगम की कोई वैध अनुमति / आदेश नहीं है।
यही नहीं 2 महीने से कार्य चल रहा है, लेकिन जिला प्रशासन और नगर निगम को भनक तक नहीं है. इस पर नेता प्रतिपक्ष ने तत्काल नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा को फोन के माध्यम से वस्तुस्थिति से अवगत कराया और कार्य को तत्काल रुकवाने के साथ सड़क पर हुए बड़े-बड़े गड्ढों को बंद करवाने का निर्देश दिया. आकाश तिवारी ने कहा कि यह आम जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ है. एक तरफ कहा जाता है विकास कार्यों के लिए पैसा नहीं है, दूसरी तरफ बनी-बनाई सड़कों को खोदकर बर्बाद किया जा रहा है, पीने की पाइपलाइन तोड़ी जा रही है. नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने चेतावनी दी कि जिला प्रशासन और नगर निगम की यह अधूरी और नियम विरुद्ध रणनीति नहीं चलेगी. कंपनी को या तो कार्य बंद करना पड़ेगा या जिल प्रशासन नगर निगम के नियमों का पालन करना होगा. अगर आम जनता को परेशानी और निगम को नुकसान इसी तरह होता रहा तो कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी. इस दौरान मौके पर नेता प्रतिपक्ष के साथ पूर्व शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गिरीश दुबे, पूर्व एल्डरमैन सुनील भुवाल, कांग्रेस कमेटी के सुदीप होर सहित स्थानीय व्यापारी साथी उपस्थित थे.
