जम्मू. पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन जारी रखते हुए रविवार रात जम्मू-कश्मीर के पुंछ और कुपवाड़ा जिलों में नियंत्रण रेखा पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की. सेना के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. यह लगातार चौथी रात थी जब पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की. यह गोलीबारी ऐसे समय में की जा रही है जब पिछले सप्ताह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत तथा पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है.

सेना के एक प्रवक्ता ने कहा, ”नियंत्रण रेखा के पार स्थित पाकिस्तानी सेना की चौकियों की ओर से 27-28 अप्रैल की मध्यरात्रि को कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के निकटवर्ती इलाकों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई.” उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने त्वरित और प्रभावी जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार रात को भी नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलीबारी की थी, जिनका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था.

केंद्र ने पहलगाम हमले के तार सीमा पार से जुड़े होने के मद्देनजर पाकिस्तानी सैन्य सलाहकार (अताशे) को निष्कासित करने, 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करने और अटारी सीमा को तत्काल बंद करने सहित कई कदमों की बुधवार को घोषणा की थी.
भारत ने अटारी सीमा के माध्यम से देश में प्रवेश करने वाले सभी पाकिस्तानियों से एक मई तक देश छोड़ने को कहा है. इसके जवाब में पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को सभी भारतीय विमानन कंपनियों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का फैसला किया तथा भारत के साथ व्यापार को स्थगित कर दिया.

पाकिस्तान ने भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले को भी खारिज कर दिया और कहा कि संधि के तहत पाकिस्तान के जल प्रवाह को रोकने के किसी भी कदम को ”युद्ध की कार्रवाई” के रूप में देखा जाएगा. पहलगाम हमले को लेकर देशभर में गुस्से के बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत पहलगाम हमले में शामिल हर आतंकवादी और इसकी साजिश में शामिल रहे लोगों की ”पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें ”उनकी कल्पना से बड़ी सजा देगा”.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version