श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की शुरुआती जांच से संकेत मिला है कि घटना को अंजाम देने वाले आतंकवादियों की संख्या पांच से सात के बीच हो सकती है, जिन्हें पाकिस्तान में प्रशिक्षित कम से कम दो स्थानीय आतंकवादियों से मदद मिली थी. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि हमले में बिजबेहरा निवासी आदिल थोकर उर्फ आदिल गुरी की भूमिका सामने आई है, जिसकी पहचान इसमें मारे गए एक पर्यटक की पत्नी ने की. अधिकारियों का मानना है कि आदिल 2018 में पाकिस्तान चला गया था, जहां उसने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से हथियारों का प्रशिक्षण हासिल किया और फिर हमलों को अंजाम देने के लिए भारत लौट आया.

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि मंगलवार को बैसरन में चार आतंकवादियों ने पर्यटकों को कतारों में खड़ा कर उन पर नजदीक से गोलियां चलाईं, जबकि कम से कम एक से तीन आतंकवादियों को रणनीतिक रूप से यह देखने के लिए तैनात किया गया था कि सुरक्षाबल तो नहीं आ रहे.

अधिकारियों ने चश्मदीदों के हवाले से बताया कि आतंकवादियों ने अपने बर्बर कृत्य को रिकॉर्ड करने के लिए बॉडी कैमरा पहन रखे थे.
उन्होंने बताया कि चश्मदीदों को कम से कम छह से सात तस्वीरें दिखाई गईं, जिनमें से एक में मौजूद आदिल की पहचान उस आतंकवादी के रूप में की गई, जो गोली चला रहा था. अधिकारियों के अनुसार, हमले के बाद आतंकवादी पीर पंजाल क्षेत्र के देवदार के घने जंगलों की ओर भाग गए.

उन्होंने बताया कि हमले के सिलसिले में कई लोगों से पूछताछ की गई है और आतंकवादियों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने तीन लोगों के स्केच भी जारी किए हैं, जिनके इस आतंकवादी हमले में शामिल होने का संदेह है. उन्होंने बताया कि ये तीनों लोग पाकिस्तानी हैं और इनका नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तलहा है. अधिकारियों के अनुसार, इन तीनों का कोड नाम मूसा, यूनुस और आसिफ था तथा ये पुंछ में कई आतंकवादी घटनाओं में शामिल थे. उन्होंने बताया कि पुलिस ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकवादियों के बारे में सूचना देने पर 20 लाख रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है.

पुलिस ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों की सूचना देने पर 20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया

पुलिस ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों की नृशंस हत्या में शामिल आतंकवादियों को मार गिराने में सहायक सूचना देने पर 20 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विटजरलैंड’ कहे जाने वाले पर्यटक स्थल पर मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया, जिसमें 26 लोग मारे गए. मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे.

अनंतनाग पुलिस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ”इस कायरतापूर्ण कृत्य में संलिप्त आतंकवादियों को मार गिराने में सहायक सूचना देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा.” पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी. इससे पहले दिन में, सुरक्षा एजेंसियों ने इस आतंकी हमले में शामिल होने के संदेह में बुधवार को तीन लोगों के रेखाचित्र (स्केच) जारी किए.

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी संदिग्धों के नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तल्हा हैं. उन्होंने बताया कि तीनों आतंकवादियों के ‘कोड’ नाम भी थे – मूसा, यूनुस और आसिफ और ये तीनों पुंछ में आतंकी घटनाओं में शामिल थे. उन्होंने बताया कि हमले में जीवित बचे लोगों की मदद से रेखाचित्र तैयार किए गए थे.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version