The post पहलगाम हमला: NIA ने आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप में दो लोगों को किया गिरफ्तार appeared first on Navabharat News.
श्रीनगर/चंडीगढ/नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पहलगाम आतंकवादी हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. संघीय एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी.
इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी. एनआईए के अनुसार, बटकोट के परवेज अहमद जोथर और पहलगाम के हिल पार्क के बशीर अहमद जोथर ने हमले में संलिप्त तीन हथियारबंद आतंकवादियों की पहचान का खुलासा किया है.
एनआईए ने कहा कि उन्होंने यह पुष्टि भी की है कि हमलावर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े पाकिस्तानी नागरिक हैं. एनआईए ने कहा, ”परवेज और बशीर ने हमले से पहले तीन हथियारबंद आतंकवादियों को हिल पार्क में ढोक (झोपड़ी) में पनाह दी थी.” एजेंसी के अनुसार दोनों लोगों ने आतंकवादियों को खाना, आश्रय और उन्हें लाने ले जाने में सहायता प्रदान की थी.
इन आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को पर्यटकों से उनका धर्म पूछने के बाद हत्या कर दी थी. एनआईए ने दोनों को विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1967 की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया है. एजेंसी ने कहा कि कहा कि मामले में जांच जारी है.
पंजाब में जासूसी के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ‘इंटर-र्सिवसेज इंटेलिजेंस’ (आईएसआई) के लिए जासूसी करने के आरोप में पंजाब में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी फौजी और साहिल मसीह के रूप में हुई है.
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”एक विश्वस्त सूचना के आधार पर शुरू किए गए अभियान में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने पाकिस्तान के आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया.” उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सिंह पाकिस्तान की आईएसआई के गुर्गों के सीधे संपर्क में था और उस पर ‘पेन ड्राइव’ के माध्यम से संवेदनशील और गोपनीय जानकारी साझा करने का शक है.
यादव ने कहा, ”मामले में शामिल आईएसआई के मुख्य संचालक की पहचान राणा जावेद के रूप में हुई है.” उन्होंने बताया कि आईएसआई के गुर्गों से संपर्क करने के लिए इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. उन्होंने कहा, ”जासूसी-आतंकवाद के व्यापक नेटवर्क को खत्म करने और सभी सहयोगियों की पहचान करने के लिए जांच जारी है.”
पंजाब आतंकी मामला: एनआईए ने खालिस्तानी आतंकवादियों के प्रमुख सहयोगी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पंजाब आतंकवादी साजिश मामले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकवादी लखबीर सिंह उर्फ ??लांडा और गैंगस्टर पवित्र बटाला के प्रमुख सहयोगी जतिंदर सिंह उर्फ ??जोती के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. शुक्रवार को मोहाली में विशेष एनआईए अदालत के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया गया.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले जतिंदर सिंह को एनआईए ने पिछले साल 23 दिसंबर को मुंबई से गिरफ्तार किया था. एनआईए ने कहा कि जतिंदर सिंह मध्य प्रदेश से पंजाब के गैंगस्टरों को अवैध हथियारों की खरीद और आपूर्ति करने में शामिल था. बयान में कहा गया है कि वह बटाला के साथियों को हथियारों की आपूर्ति में मदद कर रहा था. एनआईए ने कहा कि बटाला के विदेशी सहयोगी भारत में जतिंदर सिंह के कार्यों का समन्वय कर रहे थे.
The post पहलगाम हमला: NIA ने आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप में दो लोगों को किया गिरफ्तार appeared first on Navabharat News.
