नयी दिल्ली/मुंबई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से अपने निवास पर मुलाकात की और विश्व कप में लगातार तीन हार के कठिन दौर से गुजरने के बाद ‘दृढता और शानदार वापसी’ के लिये खिलाड़ियों की तारीफ भी की. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में ट्रॉफी के बिना प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात को भी याद किया . उन्होंने कहा कि अब वे ट्रॉफी के साथ मिल रहे हैं और आगे भी मिलते रहना चाहेंगे . उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें प्रेरित किया है और उन सभी के लिये प्रेरणास्रोत रहे हैं . भारतीय क्रिकेट टीम प्रधानमंत्री से मिलने मंगलवार की शाम यहां पहुंची थी .
भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आईसीसी खिताब जीता .
स्मृति, जेमिमा, हरमनप्रीत भारतीय क्रिकेट की नई ब्रांड हैं: घावरी
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज करसन घावरी ने महिला वनडे विश्व कप विजेता भारतीय टीम की जमकर प्रशंसा करते हुए बुधवार को हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना को भारतीय क्रिकेट का नया ब्रांड करार दिया. भारतीय महिला टीम ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का कोई टूर्नामेंट जीता.
घावरी ने कहा, ”भारतीय महिला टीम की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है. उन्होंने पूरे विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया विशेष कर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी दो मैच में उनका प्रदर्शन शानदार रहा. वह विश्व कप जीतने की असली हकदार थी.” घावरी ने यहां पुलिस जिमखाना में शारीरिक रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अंतर-राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान कहा, ”जैसे पुरुष टीम में विराट, रोहित और गिल हैं, वैसे ही स्मृति, जेमिमा और हरमनप्रीत अब भारतीय क्रिकेट की नई ब्रांड हैं.” उन्होंने कहा, ”विश्व कप जीतना बहुत बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने न सिर्फ भारत में रहने वाले लोगों बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया है.”
