राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुरः चुनावी वादों और घोषणाओं के बावजूद सेवा लाभ न मिलने से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों का सरकार के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के आह्वान पर इस वक्त संभागभर के हजारों कर्मचारी नेहरू चौक स्थित विकास भवन के सामने जुटकर सरकार के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं।
सुबह 11:30 बजे से शुरू हुआ यह विशाल धरना-प्रदर्शन और रैली दोपहर 3:30 बजे तक जारी रहेगा, जिसके माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जा रहा है। आज के इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने के लिए संघ के प्रांतीय व जिला पदाधिकारियों ने एक दिन पहले सघन जनसंपर्क अभियान चलाया था। प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रदेश समन्वयक जीआर चंद्रा, संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा, जिला सचिव दुर्गेश साहू और राजेश्वर वस्त्रकार की टीम ने पुराना व नया कंपोजिट बिल्डिंग, जिला पंचायत, जल संसाधन, वन, पीएचई, पीडब्ल्यूडी और कृषि विभाग के दफ्तरों में जाकर जो समर्थन जुटाया था, उसका असर आज की इस भारी भीड़ में साफ नजर आ रहा है।
आंदोलन को लेकर संभाग के सभी जिलों से आए कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
