दुर्ग, 07 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व पर भाई-बहनों के स्नेह का प्रतीक राखियां समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें, इसके लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष पहल की है। दुर्ग डाक संभाग ने 1 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक “राखी मेल्स” अभियान शुरू करते हुए चयनित स्थानों पर विशेष पीली पत्र पेटियां स्थापित की हैं।
डाक विभाग के अनुसार, इन विशेष पत्र पेटियों में केवल राखियां और उनसे संबंधित शुभकामना पत्र ही डाले जाएंगे। इससे उनकी अलग से निकासी, त्वरित प्रसंस्करण और शीघ्र प्रेषण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि रक्षाबंधन से पहले राखियां सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
इन स्थानों पर लगाई गई हैं विशेष पत्र पेटियां
दुर्ग शहर
- प्रधान डाकघर, दुर्ग
- गांधी चौक, दुर्ग
- ग्रीन चौक, स्टेशन रोड, दुर्ग
- कसारीडीह उपडाकघर
भिलाई शहर
- भिलाई-1 उपडाकघर
- मुख्य डाकघर, सिविक सेंटर
- सुपेला उपडाकघर
- जवाहर मार्केट उपडाकघर
बालोद
- बालोद उपडाकघर
- बस स्टैंड, बालोद
बेमेतरा
- बेमेतरा उपडाकघर
- कचहरी चौक, बेमेतरा
डाक विभाग ने बताया कि प्रत्येक विशेष पीली पत्र पेटी पर “राखी मेल्स” अंकित रहेगा और उस पर डाक निकासी का समय भी प्रदर्शित किया गया है। इन पत्र पेटियों से प्रतिदिन नियमित रूप से राखी डाक एकत्र कर अलग बैग के माध्यम से तेजी से भेजी जाएगी।
डाकघरों में रहेगी पूरी व्यवस्था
रक्षाबंधन के दौरान दुर्ग डाक संभाग के सभी डाकघरों में डाक टिकट, लिफाफे और अन्य आवश्यक डाक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा पर्व के अवसर पर प्राप्त होने वाले मनीऑर्डरों के त्वरित भुगतान की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
समय पर भेजें राखियां
डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी राखियां और शुभकामना संदेश समय रहते डाक के माध्यम से भेजें तथा “राखी मेल्स” सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि उनकी राखियां सुरक्षित और समय पर उनके प्रियजनों तक पहुंच सकें।
