नयी दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में एमफिल की डिग्री प्राप्त करने वाले 32 वर्षीय एक युवक को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में दो आभूषण की दुकानों में हुई लूटपाट में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला आरोपी दीप शुभम वर्तमान में हरियाणा के सोहना में रहता है और वह डकैती के दो मामलों में घोषित अपराधी है. पुलिस के मुताबिक, शुभम को 2017 में अपने गृह राज्य में एक बैंक में डकैती के मामले में भी दोषी ठहराया जा चुका है.
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) हर्ष इंदौरा ने बताया कि शुभम को शनिवार को सोहना के हरि नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने बताया कि आरोपी ने बिहार में बैंक डकैती को अंजाम देने के लिए रसायन विज्ञान के अपने ज्ञान का दुरुपयोग करके एक धुआं बम तैयार किया और उसकी मदद से वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दिल्ली विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में बीएससी (ऑनर्स), एमएससी व एमफिल की पढ़ाई पूरी की और विशाखापत्तनम में कुछ समय के लिए कानून की पढ़ाई भी की है.
अधिकारी ने बताया, “2021 में शुभम और उसके साथियों ने गुजरांवाला इलाके में आभूषण की दो दुकानों में डकैती की वारदात को अंजाम दिया. एक घटना में, उन्होंने बंदूक दिखाकर छह लाख रुपये से अधिक की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए जबकि दूसरी घटना में वे कर्मचारियों को धमकाकर 70,000 रुपये लेकर फरार हो गए. ”
उन्होंने बताया, “दिल्ली के मामलों में जमानत मिलने के बाद आरोपी भूमिगत हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाने बदलता रहा. हाल ही में टीम ने उसका पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया. शुभम वर्तमान में सोहना स्थित एक निजी कंपनी में इंटीरियर डिजाइनर के रूप में काम कर रहा था.” पुलिस ने बताया कि 2017 में शुभम ने बिहार के पुपरी इलाके में एक सरकारी बैंक में डकैती डाली, जहां उसने अफरा-तफरी मचाने के लिए ‘मिथाइल एसीटेट’ व ‘बेंजीन’ से बने एक देसी धुआं बम का इस्तेमाल किया और लगभग 3.60 लाख रुपये नकद लेकर भाग गया.

