भिलाईनगर, 25 जून 2026। शहर के वरिष्ठ पत्रकार, नई दुनिया के भिलाई प्रभारी एवं न्यू प्रेस क्लब भिलाई नगर के पूर्व अध्यक्ष टी. सूर्या राव की सजगता और तत्परता से एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। जनहित और रेल सुरक्षा के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार 22 मई को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते समय टी. सूर्या राव की नजर ट्रैक पर लगी फिश प्लेट के निकले हुए बोल्टों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तत्काल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अवधेश कुमार त्रिवेदी को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और सीनियर डीसीएम श्री त्रिवेदी ने प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने के निर्देश दिए। रेलवे की तकनीकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत सहित आवश्यक सुधार कार्य पूरा किया। सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया गया।
सीनियर डीसीएम श्री त्रिवेदी ने बताया कि समय रहते सूचना मिलने से संभावित दुर्घटना को टालने में मदद मिली। उन्होंने इस मामले की जानकारी रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद को भी दी।
रेल सुरक्षा के प्रति दिखाई गई जिम्मेदारी और सजगता के लिए रायपुर रेल मंडल द्वारा टी. सूर्या राव को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में रेलवे वाणिज्यिक विभाग के निरीक्षक बाबूराव टाटा, कलिंगा समाज रायपुर के अध्यक्ष जगदीश्वर राव तथा विष्णु केमिकल भिलाई के वाइस प्रेसिडेंट एम.वी. राव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता और जिम्मेदारी से कई बार बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है तथा टी. सूर्या राव का यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है।
