राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, सूरजपुर: सूरजपुर जिले के दूरस्थ वनांचल चांदनी-बिहारपुर की तस्वीर आज भी विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। ग्राम पंचायत बिहारपुर के आश्रित ग्राम चौकापारा में करीब तीन सौ परिवारों के लिए स्कूल, अस्पताल और मुख्य सड़क तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता बरसात में दलदल में तब्दील हो गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, घुटनों तक कीचड़ और फिसलन ने लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के आश्वासन के अलावा कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को झेलनी पड़ रही है। बरसात शुरू होते ही चौकापारा के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने लगी है। छोटे-छोटे बच्चे नंगे पैर और कपड़े संभालते हुए कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर हैं। कई बार फिसलकर गिरने से उन्हें चोट भी लगती है। अभिभावकों का कहना है कि बारिश तेज होने पर बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान इस रास्ते पर कोई वाहन नहीं पहुंच पाता। यदि किसी की तबीयत अचानक बिगड़ जाए तो मरीज को खटिया पर लिटाकर कई किलोमीटर तक पैदल ले जाना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी गंभीर बन जाती है। चौकापारा में लगभग 100 पंडो जनजाति के परिवार सहित अन्य समुदायों के करीब तीन सौ घर बसे हैं। यह विशेष पिछड़ी जनजाति का इलाका है, जहां सड़क जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव विकास योजनाओं की हकीकत बयां करता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से वे सरपंच और सचिव से सड़क पर मुरम डालने की मांग कर रहे हैं। हर बार यह कहकर टाल दिया जाता है कि प्रस्ताव तैयार है और जल्द काम शुरू होगा, लेकिन अब तक सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। इस संबंध में सरपंच और सचिव का कहना है कि सड़क के मुरमीकरण का एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है। मौसम साफ होते ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
Trending
- फुनगा के किसान दयाराम सिंह ने अपनाया नैनो डीएपी, आधुनिक खेती की ओर बढ़ाया कदम – राष्ट्रवाणी
- आजादी के 79 वर्षों बाद भिरागांव को मिली पक्की सड़क की सौगात, ग्रामीणों ने विधायक लता उसेण्डी का जताया आभार – राष्ट्रवाणी
- गुरु पूर्णिमा पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं – राष्ट्रवाणी
- कृत्रिम गर्भाधान से बदली प्रेम कुमारी की तकदीर, डेयरी से हर माह ₹25 हजार की आय – राष्ट्रवाणी
- राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने रचा इतिहास, रजत पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में खरीफ की रफ्तार तेज, 80 प्रतिशत रकबे में हुई बोनी – राष्ट्रवाणी
- शाला प्रवेशोत्सव में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत – राष्ट्रवाणी
- स्मार्ट मीटर बना उपभोक्ताओं का भरोसेमंद साथी, बिजली बिलिंग में आई पारदर्शिता – राष्ट्रवाणी
