🔴सर्विस सेंटर, गोदाम और कोचिंग सेंटर चल रहे थे, 48 घंटे का अल्टीमेटम
राष्ट्रवाणी, 10 अप्रैल 2026। नगर निगम ने गुरुवार को तीन प्रमुख इमारतों के बेसमेंट पार्किंग एरिया को सील कर दिया। इस दौरान सड़क किनारे बनाई गई डी-मार्ट की लोहे की अवैध रेलिंग को भी हटाया गया और प्रबंधन को 48 घंटे के भीतर स्वीकृत नक्शे के अनुरूप बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश दिए गए।
यह कार्रवाई सीपत रोड और आसपास के क्षेत्रों में की गई। जांच के दौरान सामने आया कि ‘मौसाजी स्वीट्स’ के बेसमेंट पार्किंग में होंडा का सर्विस सेंटर संचालित किया जा रहा था। वहीं ‘रॉयल स्वीट्स’ के पार्किंग क्षेत्र को गोदाम में तब्दील कर दिया गया था। इसके अलावा साइंस कॉलेज के पास स्थित पुष्पेंद्र साहू की इमारत के पार्किंग एरिया को एक कोचिंग संस्थान को किराए पर दे दिया गया था। तीनों मामलों में पार्किंग स्थलों को तत्काल सील कर दिया गया।
निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में कई भवन मालिक पार्किंग के लिए आरक्षित जगहों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं। इसके कारण संबंधित प्रतिष्ठानों के वाहन सड़क पर खड़े हो रहे हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और जाम की समस्या बढ़ रही है।
कार्रवाई के दौरान डी-मार्ट के सामने सड़क किनारे बनाई गई लोहे की रेलिंग को अवैध मानते हुए तोड़ दिया गया। प्रबंधन को चेतावनी दी गई है कि 48 घंटे के भीतर स्वीकृत नक्शे के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करें, अन्यथा आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

