राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कांकेर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर अंतर्गत छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मचपल्ली के जनकुपारा गांव में मतांतरित महिला के निधन के बाद उपजा विवाद प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद 24 घंटे में सुलझा लिया गया है। जानकारी के अनुसार, मचपल्ली निवासी जनकुबाई ने करीब पांच साल पहले अपना धर्म परिवर्तन कर लिया था।

शुक्रवार की रात जब उनकी मृत्यु हुई, तो उनके शव को दफनाने और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर दो पक्षों के बीच गंभीर तनातनी की स्थिति पैदा हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि गांव में तनाव का माहौल बन गया और दोनों पक्ष अपनी-अपनी मान्यताओं व परंपराओं पर अड़े रहे। विवाद की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने टीम भेजी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे और स्थानीय तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों को बैठाकर लंबी बातचीत की और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। लगभग 24 घंटे तक चली इस मैराथन प्रशासनिक और सामाजिक समझाइश के बाद आखिरकार स्थिति नियंत्रण में आई।

अधिकारियों के सामने दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से एक समझौता तैयार किया गया, जिससे कई घंटों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया। समझौते के तहत धर्मांतरित परिवार ने अपने मूल धर्म में वापसी करने पर अपनी सहमति जताई। इस निर्णय के बाद महिला का अंतिम संस्कार पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया गया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे ने क्षेत्र के नागरिकों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने जनता से कहा कि सभी लोग आपस में मिल-जुलकर, शांति और भाईचारे के साथ रहें। एक-दूसरे की मदद करें तथा गांव के विकास कार्यों में पुलिस व प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

प्रशासन की समय पर सूझबूझ और समझाइश के चलते फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह से सामान्य और शांत बनी हुई है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version