यरूशलम/श्रीनगर/नयी दिल्ली/दुबई. हमास ने मंगलवार को कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना पर विचार करके प्रतिक्रिया देगा. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहले ही योजना का समर्थन कर चुके हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि हमास इस योजना पर सहमत होगा या नहीं. योजना में कहा गया है कि युद्ध खत्म करने के बदले हमास को आत्मसमर्पण करके हथियार डालने होंगे.
इसके अलावा योजना में फलस्तीनियों के लिए मानवीय मदद भेजने और गाजा के पुर्निनर्माण का वादा भी किया गया है. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इजराइल-हमास युद्ध के दौरान 66 हजार फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है. इस बीच, गाजा से जुड़ी योजना को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समर्थन मिलना जारी है. ट्रंप और नेतन्याहू ने सोमवार को व्हाइट हाउस में मुलाकात के बाद कहा कि वे इस योजना का समर्थन करते हैं.
इजराइल के विदेश मंत्री गिडियन सार ने कहा कि उनके देश ने ट्रंप की योजना को स्वीकार कर लिया है और अब हमास को अपना रुख बताना है. सार ने र्सिबया की राजधानी बेलग्रेड में कहा, “अब हम यह देखेंगे कि हमास राष्ट्रपति (ट्रंप) की योजना स्वीकार करता है या नहीं.” उन्होंने कहा, “हम अपने बंधकों को दो साल बाद वापस आते देखना चाहते हैं…. हम एक नया गाजा भी देखना चाहते हैं, जो कट्टरपंथ मुक्त, हथियार मुक्त हो और इजराइल तथा इसके नागरिकों के लिए कोई खतरा न बने.” रूस ने गाजा को लेकर ट्रंप की योजना के सफल होने की उम्मीद जताई है.
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रूस ट्रंप के प्रयासों का स्वागत करता है. उन्होंने कहा कि रूसी अधिकारी आशा करते हैं कि यह योजना लागू हो और पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने में मदद करे.
उम्मीद है कि ट्रंप की 20 सूत्री योजना से फलस्तीनियों को न्याय और आजादी मिलेगी: मीरवाइज
हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने फलस्तीन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20-सूत्री योजना का मंगलवार को स्वागत किया. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह योजना फलस्तीनियों के लिए न्याय और स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त करेगी.
मीरवाइज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप की 20-सूत्री योजना स्वागतयोग्य है. लेकिन फलस्तीन के लोगों को एक निष्पक्ष समाधान की आवश्यकता है जो कब्जे और दशकों से चल रहे कष्टों को समाप्त करे.” उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि इससे फलस्तीनी लोगों के लिए न्याय, सम्मान और स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा.”
फलस्तीनी प्राधिकरण ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के गाजा शांति प्रस्ताव का स्वागत किया
फलस्तीन ने गाजा के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 सूत्री शांति प्रस्ताव का मंगलवार को स्वागत किया और कहा कि यह पहल उसकी भूमि एवं संस्थानों का एकीकरण सुनिश्चित करेगी. ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच वार्ता के बाद प्रस्तुत किए गए इस प्रस्ताव में गाजा में युद्ध समाप्त करने और हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी बंधकों की 72 घंटे के भीतर रिहाई का प्रावधान है. हमास ने अब तक शांति प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है.
फलस्तीनी राज्य ने कहा, ”फलस्तीन राज्य गाजा में युद्ध समाप्त करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दृढ. प्रयासों का स्वागत करता है और शांति की दिशा में रास्ता खोजने की उनकी क्षमता में अपना विश्वास व्यक्त करता है.” शांति प्रस्ताव ने यह दोहराया गया कि वह अमेरिका, क्षेत्रीय राज्यों और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर गाजा पर हो रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए एक व्यापक समझौते पर काम करेगा, ताकि गाजा में पर्याप्त मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके.
फलस्तीनी प्राधिकरण ने बंधकों की रिहाई, फलस्तीनी लोगों की सुरक्षा के लिए तंत्र की स्थापना, जमीनी कब्जे को रोकने, फलस्तीनियों के विस्थापन को रोकने और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करने वाली ‘एकतरफा कार्रवाइयों’ को समाप्त करने का भी उल्लेख किया.
इसमें कहा गया है कि शांति प्रस्ताव ‘पूर्वी यरुशलम सहित गाजा पट्टी और पश्चिमी तट में फलस्तीनी भूमि और संस्थाओं के एकीकरण को सुनिश्चित करेगी, कब्जे को समाप्त करेगी तथा दो-राज्य समाधान के आधार पर न्यायपूर्ण शांति की ओर मार्ग प्रशस्त करेगी, जिसमें स्वतंत्र और संप्रभु फलस्तीन राज्य इजराइल राज्य के साथ-साथ रहेगा.” यह बयान फलस्तीनी दूतावास द्वारा नयी दिल्ली में मीडिया को जारी किया गया.
आठ अरब और मुस्लिम बहुल देशों ने ट्रंप की गाजा शांति योजना का स्वागत किया
आठ अरब और मुस्लिम बहुल देशों ने गाजा में युद्ध समाप्त करने और अशांत क्षेत्रों में शांति बहाल करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20-सूत्रीय योजना का मंगलवार को स्वागत किया. ट्रंप और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच वार्ता के बाद जारी की गई इस योजना में गाजा में युद्ध को तत्काल समाप्त करने और हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी लोगों को 72 घंटे के भीतर रिहा करने का प्रस्ताव है. हमास ने अभी तक इस शांति योजना को स्वीकार नहीं किया है.
जॉर्डन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्किए, सऊदी अरब और मिस्र के विदेश मंत्रियों ने शांति योजना का स्वागत किया. उन्होंने क्षेत्र में शांति के लिए अमेरिका के साथ साझेदारी के महत्व पर जोर दिया. एक संयुक्त बयान के अनुसार, मंत्रियों ने युद्ध समाप्त करने, गाजा के पुर्निनर्माण, फलस्तीनी लोगों के विस्थापन को रोकने और व्यापक शांति को आगे बढ़ाने के राष्ट्रपति ट्रंप के प्रस्ताव की घोषणा का स्वागत किया. बयान में कहा गया है कि आठों विदेश मंत्रियों ने एक व्यापक समझौते के माध्यम से गाजा में युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका के साथ काम करने की अपनी संयुक्त प्रतिबद्धता की पुष्टि की, जो गाजा में पर्याप्त मानवीय सहायता की अप्रतिबंधित आपूर्ति सुनिश्चित करता है.

