राष्ट्रवाणी 19 अगस्त 2026। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर उपराष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

उपराष्ट्रपति 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके प्रवास को देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एयरपोर्ट से एम्स तक पुख्ता व्यवस्था के निर्देश

मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन तथा एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश भी दिए।

सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर

उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रम स्थल की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा।

प्रोटोकॉल के अनुसार होगी बैठक व्यवस्था

बैठक में कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन एवं अधिकारियों को दीक्षांत समारोह से संबंधित व्यवस्थाओं को भी बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version