राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बलरामपुर : जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत चलगली स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के भोजपुरी द्विअर्थी गाने पर डांस करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वीडियो प्रसारित होने के बाद स्वजन ने स्कूल की अनुशासन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि शिक्षक दिवस पर स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सामने भोजपुरी गाने पर डांस किया था। इसी दौरान बनाए गए वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया, जिसके बाद स्वजन में नाराजगी है।
स्वजन का कहना है कि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों के लिए उचित अनुशासन एवं मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। प्रसारित वीडियो को लेकर जिम्मेदार शिक्षकों एवं स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच की मांग की जा रही है। मामले को लेकर वाड्रफनगर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली है।
मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।प्रसारित वीडियो की सत्यता और कार्यक्रम के दौरान पूरे घटनाक्रम की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
