तेहरान: इस्राइल ने बुधवार तड़के दावा किया कि उसने ईरान में एक ऐसे प्लांट पर हमला किया है, जहां से फेंटानिल नामक शक्तिशाली सिंथेटिक ड्रग की आपूर्ति ईरान की सरकार को की जा रही थी। इस्राइल का दावा है कि इस फेंटानिल ड्रग का इस्तेमाल रासायनिक हथियार बनाने में किया जा सकता था। ईरान सरकार ने भी तेहरान स्थित तोफिघ दारू फैक्ट्री पर हमले की पुष्टि की और इस्राइल के दावे को खारिज कर दिया। ईरान ने जोर देकर कहा कि वहां केवल अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का उत्पादन होता है।
ईरान के विदेश मंत्री ने इस्राइल पर लगाए आरोप
दोनों देशों के अनुसार यह हमला मंगलवार को हुआ। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फैक्ट्री की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘इस्राइल के युद्ध अपराधी अब खुलेआम और बेशर्मी से दवा कंपनियों पर बमबारी कर रहे हैं।’ फेंटानिल का इस्तेमाल अस्पतालों में गंभीर दर्द के इलाज के लिए किया जाता है, हालांकि इसकी थोड़ी सी मात्रा भी घातक साबित हो सकती है।
इस्राइल और अमेरिका ने लगाए गंभीर आरोप
इस्राइल और अमेरिका पहले भी यह आरोप लगाते रहे हैं कि ईरान हथियारों में फेंटानिल का इस्तेमाल कर रहा है। अमेरिका ने इससे पहले यह भी कहा था कि ईरान के शैक्षणिक शोध में इस बात का अध्ययन किया गया कि 2002 के मॉस्को थिएटर बंधक संकट के दौरान रूस ने संभवतः फेंटानिल के एक रूप का इस्तेमाल किया था।
इस्राइल का आरोप है कि तोफिघ दारू फैक्ट्री तेहरान के एक उन्नत शोध संस्थान एसपीएनडी (SPND) को फेंटानिल की आपूर्ति करती थी। अमेरिका का दावा है कि एसपीएनडी ने ऐसे शोध और परीक्षण किए हैं, जिनका इस्तेमाल परमाणु विस्फोटक उपकरणों और अन्य हथियारों के विकास में किया जा सकता है।
ईरान युद्ध के बीच जहाजों पर हमले बढ़े
इस बीच, बुधवार तड़के कतर के तट के पास एक तेल टैंकर पर भी हमला हुआ। ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि एक प्रोजेक्टाइल जहाज से टकराया। हालांकि, इस हमले में किसी तरह का पर्यावरणीय नुकसान नहीं हुआ और जहाज का चालक दल सुरक्षित है। वहीं, मंगलवार को दुबई के पास एक कुवैती तेल टैंकर पर भी हमला हुआ था। युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक फारस की खाड़ी में 20 से अधिक जहाजों पर हमले हो चुके हैं।
यमन से इस्राइल पर हुआ मिसाइल हमला
इस्राइली मीडिया ने बताया कि यमन से इस्राइल पर एक मिसाइल दागी गई, जिसे इस्राइली सेना ने इंटरसेप्ट कर तबाह कर दिया। इस हमले में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं हैं। इस हमले के चलते दक्षिणी इस्राइल में सायरनों की आवाज सुनी गई।

