राष्ट्रवाणी: राज्य ब्यूरो, , रायपुर। भारतीय जनता पार्टी 11 से 15 अगस्त तक राज्य में व्यापक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी। इसकी कमान भारतीय जनता युवा मोर्चा के हाथों में होगी। अभियान के तहत तीन दशक बाद माओवादी प्रभाव से मुक्त हुए बस्तर के दूरस्थ गांवों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जहां वर्षों बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। यहां आत्मसर्मित लगभग दो हजार से अधिक माओवादी भी तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। सरकार यहां शांति बहाली के साथ-साथ लोकतंत्र ही सर्वोपरि का संदेश देना चाहती है। 31 मार्च 2026 को बस्तर सहित पूरे देश से माओवादी हिंसा के खात्मे का ऐलान केंद्र सरकार कर चुकी है। राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार के प्रयासों से बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में राष्ट्रीयता का भाव जागा है। इस वर्ष बीजापुर के 33, सुकमा के 50 और नारायणपुर के नौ गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। धुर माओवादियों के गांव रहे पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील व दुर्गम क्षेत्रों को इस अभियान के जरिए राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, जिससे ये क्षेत्र ”कुख्यात” से ”विख्यात” पहचान की ओर बढ़ रहे हैं। बस्तर संभाग में भव्य बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ता माओवादी उन्मूलन अभियान में बलिदान देने वाले वीर जवानों के स्वजन के घर जाकर उन्हें तिरंगा भेंट कर सम्मानित कर रहे हैं। 15 अगस्त को बस्तर संभाग के 500 से अधिक स्कूलों, प्रमुख चौराहों और सामुदायिक भवनों का नामकरण अमर बलिदानियों के नाम पर किया जाएगा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का भव्य माध्यम बनेगा। अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2022 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया यह अभियान युवाओं को राष्ट्रभक्ति से जोड़ने और ”एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष बस्तर के वे दुर्गम और माओवादी हिंसा प्रभावित क्षेत्र, जहां आजादी के बाद से कभी राष्ट्रध्वज नहीं फहराया जा सका था, वहां भी 15 अगस्त को तिरंगा लहराएगा। प्रदेश की सभी 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों, ग्राम पंचायतों, निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। अभियान का औपचारिक आगाज 10 अगस्त को राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से सुबह 10 बजे होगा। इस ऐतिहासिक यात्रा में मुख्यमंत्री, मंत्री, जनप्रतिनिधि, छात्र, एनसीसी कैडेट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी और विभिन्न समाजों के नागरिक पारंपरिक वेशभूषा और वाद्य यंत्रों के साथ शामिल होंगे। इंटरनेट मीडिया पर ”डिजिटल तिरंगा” अभियान की जानकारी देते हुए नागरिकों से अपने घरों, संस्थानों में तिरंगा फहराकर तस्वीरें अपलोड करने का आग्रह किया।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version