राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-टू स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मंगलवार को काम के दौरान छत पर पहुंचे दो मजदूर 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सिविल लाइन पुलिस, नगर निगम और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (सीएसईबी) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद एक और गंभीर तथ्य सामने आया है कि संबंधित मकान में स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत नगर निगम से की गई थी। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट ने बताया कि सरकंडा के अशोक नगर डीएलएस के पास रहने वाले भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे राजमिस्त्री थे। दोनों मंगलवार की दोपहर कस्तूरबा नगर में अनूप सिंह के निर्माणाधीन मकान में आए थे। इसी दौरान सबसे पहले भूपेंद्र साहू का संपर्क मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से हो गया। उन्हें करंट लगते देख साथी मजदूर रवि बंजारे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही एक मजदूर नीचे गिर पड़ा, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। आसपास के लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस बीच पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुला लिया था। साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पंचनामा के बाद पुलिस ने दोनों श्रमिकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मकान के ऊपर से 11 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि भवन निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। बताया गया है कि स्वर्ण जयंती नगर क्षेत्र में संबंधित मकान में स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत करीब तीन महीने पहले नगर निगम से की गई थी। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब हादसे के बाद निगम और सीएसईबी के अधिकारी भी यह जांच कर रहे हैं कि निर्माण अनुमति, सुरक्षा मानकों और बिजली लाइन से निर्धारित दूरी के नियमों का पालन किया गया था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। दुर्घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस के साथ नगर निगम और सीएसईबी के अधिकारियों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। यह देखा जा रहा है कि भवन निर्माण के दौरान हाईटेंशन लाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखी गई थी या नहीं। साथ ही यह भी जांच होगी कि बिजली लाइन के नीचे निर्माण की अनुमति किन परिस्थितियों में दी गई और संबंधित विभागों ने समय रहते सुरक्षा संबंधी कदम क्यों नहीं उठाए। 11 केवी हाईटेंशन लाइन के आसपास निर्माण कार्य के दौरान विशेष सावधानी बरतना अनिवार्य होता है। लाइन से निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखना, बिजली विभाग से अनुमति लेना और जरूरत पड़ने पर लाइन बंद कराकर काम कराना आवश्यक होता है। शुरुआती जांच में आशंका है कि इन सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है। जांच में भवन मालिक, ठेकेदार, नगर निगम और बिजली विभाग की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। यदि निर्माण नियमों, सुरक्षा मानकों या विभागीय लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में अलग-अलग बयान सामने आए हैं। श्रमिक भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे अशोक नगर में आसपास रहते हैं। दोनों रोज की तरह मंगलवार की सुबह काम पर जाने की बात कहकर अपने-अपने घर से निकले थे। इधर कुछ श्रमिकों ने बताया कि दोनों काम पर नहीं आए थे। वहीं, हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि श्रमिकों के कपड़े साफ थे। साथ ही उनके हाथ में सीमेंट वगैरह भी नहीं लगा था। काम करने पर उनके हाथ या कपड़ों पर सीमेंट लगा होता। अब पुलिस वहां मौजूद श्रमिकों के अलग-अलग बयान लेकर इन कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
Trending
- बीसीसीएल ने कांटापहाड़ी में अवैध खनन पर कार्रवाई तेज की – भारतीय सार्वजनिक उपक्रम
- तुला साप्ताहिक राशिफल: सबकी नजरों में रहेंगे आप, एक गलती बढ़ा सकती है परेशानी; पढ़ें पूरे हफ्ते का हाल – राष्ट्रवाणी
- मेष साप्ताहिक राशिफल: चंद्रमा का गोचर बदलेगा रिश्तों की दिशा, पढ़ें सेहत और परिवार का हाल, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – राष्ट्रवाणी
- वृश्चिक साप्ताहिक राशिफल: ग्रहों के गोचर से 18 सितंबर के बाद बदलेंगे हालात, यात्रा और करियर में मिलेंगे नए अवसर – राष्ट्रवाणी
- कन्या साप्ताहिक राशिफल: सूर्य का गोचर बढ़ाएगा आत्मविश्वास, जानें स्वास्थ्य से लेकर रिश्तों तक का हाल – राष्ट्रवाणी
- सिंह साप्ताहिक राशिफल: इस हफ्ते रखें मानसिक शांति का ध्यान, रिश्तों में धैर्य से सुलझेंगी बातें – राष्ट्रवाणी
- धनु साप्ताहिक राशिफल: मंगल का गोचर लाएगा बदलाव, बढ़ेंगी आर्थिक चिंताएं; दोस्तों का मिलेगा साथ – राष्ट्रवाणी
- साप्ताहिक टैरो राशिफल: वृषभ को मिलेगा छप्पर फाड़ मौका, कुंभ को विदेश से खुशखबरी, पढ़ें अपनी राशि का हाल – राष्ट्रवाणी
