राष्ट्रवाणी: अमित पाण्डेय, डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ भाजपा में लंबे समय से चल रहे संगठनात्मक विवाद के बीच प्रदेश नेतृत्व ने बड़ा कदम उठाया है। भाजपा ने डोंगरगढ़ मंडल इकाई को भंग कर दिया है। इसके साथ ही पांच कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित करने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, डोंगरगढ़ भाजपा मंडल का जल्द ही नए सिरे से गठन किया जाएगा। माना जा रहा है कि संगठन में नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर पार्टी अंदरूनी असंतोष को खत्म करने और संगठन को मजबूत करने की कोशिश करेगी। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी आदेश में जिन कार्यकर्ताओं को निष्कासित किया गया है, उनमें प्रिंस कक्कड़, अनिल पांडेय, वीरेंद्र साहू, संतोष राव और परविंदर सिंह मोंटी के नाम शामिल हैं। ये सभी नाम पिछले कुछ समय से डोंगरगढ़ भाजपा में चल रहे विवाद, विरोध और संगठन से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर चर्चा में थे। संगठन स्तर पर हुई यह कार्रवाई पार्टी के अब तक के सबसे सख्त फैसलों में से एक मानी जा रही है। इसके जरिए प्रदेश नेतृत्व ने अनुशासन को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। डोंगरगढ़ भाजपा में पिछले कई दिनों से अंदरूनी असंतोष और गुटबाजी की खबरें सामने आ रही थीं। संगठन के भीतर नाराजगी के चलते पहले 111 कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की बात सामने आई थी। इसके बाद 26 नेताओं ने भी अलग रास्ता चुनने का ऐलान किया था। इसके बाद लगातार इस्तीफों और विरोध के स्वर तेज होते गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रदेश नेतृत्व ने हस्तक्षेप करते हुए मंडल इकाई को भंग करने का फैसला लिया है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अब डोंगरगढ़ में नई संगठनात्मक व्यवस्था तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। जल्द ही नए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर मंडल का पुनर्गठन किया जा सकता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फैसला केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को नियंत्रित करने की कोशिश भी है। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी पुराने विवाद पूरी तरह खत्म होते नजर नहीं आ रहे हैं। डोंगरगढ़ में भाजपा की यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पिछले कुछ समय से संगठन में नाराजगी, गुटबाजी और इस्तीफों को लेकर पार्टी लगातार चर्चा में थी। अब देखने वाली बात होगी कि भाजपा नई टीम के साथ डोंगरगढ़ में संगठन को कितना मजबूत कर पाती है और क्या लंबे समय से चले आ रहे असंतोष को खत्म करने में सफल होती है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version