राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा : कोयला उद्योग में प्रस्तावित 12 वें वेतन समझौते की प्रक्रिया इस बार पूरी तरह बदले हुए स्वरूप में होगी। नए श्रम कानून लागू होने के बाद अब वेतन निर्धारण के लिए वर्षों से चली आ रही संयुक्त द्विपक्षीय कोयला उद्योग समिति (जेबीसीसीआई) का गठन नहीं होगा। इसकी जगह नेगोसिएशन काउंसिल (वार्ताकार परिषद) बनाई जाएगी, जिसमें केवल निर्धारित समर्थन हासिल करने वाली ट्रेड यूनियनों को ही प्रतिनिधित्व मिलेगा। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के महासचिव नाथूलाल पांडे ने गुरुवार को कोरबा प्रवास के दौरान बताया कि नई व्यवस्था के तहत किसी ट्रेड यूनियन को नेगोसिएशन काउंसिल में शामिल होने के लिए कम से कम 20 प्रतिशत श्रमिकों का समर्थन प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इससे कम समर्थन पाने वाली यूनियन वेतन समझौते की वार्ता प्रक्रिया से बाहर रहेगी। 20 से 39 प्रतिशत समर्थन मिलने पर एक प्रतिनिधि और 40 से 50 प्रतिशत तक समर्थन मिलने पर दो प्रतिनिधियों को काउंसिल में स्थान मिलेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 29 केंद्रीय श्रम कानून के स्थान पर चार श्रम संहिताएं लागू की हैं। इनमें वेतन संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता शामिल हैं। इन्हीं प्रावधानों के तहत कोयला उद्योग में वेतन निर्धारण की व्यवस्था भी बदली गई है। पांडे ने बताया कि फिलहाल कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में ट्रेड यूनियनों का सदस्यता सत्यापन चल रहा है। प्रत्येक कर्मचारी केवल एक ही ट्रेड यूनियन का सदस्य बन सकेगा। 25 सितंबर तक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया जाएगा, इसके आधार पर प्रत्येक यूनियन को मिले समर्थन का प्रतिशत तय होगा। इसी परिणाम के अनुसार नेगोसिएशन काउंसिल का गठन किया जाएगा और 12वें वेतन समझौते में भाग लेने वाली यूनियनें निर्धारित होंगी। उन्होंने कहा कि एसईसीएल जैसी बड़ी कंपनियों में स्थानीय श्रमिक समस्याओं के समाधान के लिए त्रिस्तरीय समिति का भी गठन किया जाएगा। हालांकि नेगोसिएशन काउंसिल के गठन की तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन ट्रेड यूनियनें चाहती हैं कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी हो, ताकि नए वेतन समझौते पर बातचीत शुरू हो सके। इस दौरान एचएमएस एसईसीएल के कार्यवाहक अध्यक्ष केदारनाथ अग्रवाल, महामंत्री सुरेंद्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष रोशन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Trending
- बीसीसीएल ने कांटापहाड़ी में अवैध खनन पर कार्रवाई तेज की – भारतीय सार्वजनिक उपक्रम
- तुला साप्ताहिक राशिफल: सबकी नजरों में रहेंगे आप, एक गलती बढ़ा सकती है परेशानी; पढ़ें पूरे हफ्ते का हाल – राष्ट्रवाणी
- मेष साप्ताहिक राशिफल: चंद्रमा का गोचर बदलेगा रिश्तों की दिशा, पढ़ें सेहत और परिवार का हाल, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – राष्ट्रवाणी
- वृश्चिक साप्ताहिक राशिफल: ग्रहों के गोचर से 18 सितंबर के बाद बदलेंगे हालात, यात्रा और करियर में मिलेंगे नए अवसर – राष्ट्रवाणी
- कन्या साप्ताहिक राशिफल: सूर्य का गोचर बढ़ाएगा आत्मविश्वास, जानें स्वास्थ्य से लेकर रिश्तों तक का हाल – राष्ट्रवाणी
- सिंह साप्ताहिक राशिफल: इस हफ्ते रखें मानसिक शांति का ध्यान, रिश्तों में धैर्य से सुलझेंगी बातें – राष्ट्रवाणी
- धनु साप्ताहिक राशिफल: मंगल का गोचर लाएगा बदलाव, बढ़ेंगी आर्थिक चिंताएं; दोस्तों का मिलेगा साथ – राष्ट्रवाणी
- साप्ताहिक टैरो राशिफल: वृषभ को मिलेगा छप्पर फाड़ मौका, कुंभ को विदेश से खुशखबरी, पढ़ें अपनी राशि का हाल – राष्ट्रवाणी
