राष्ट्रवाणी: रायपुर: आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित टीआरटीआई सभाकक्ष में उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जाति प्रमाण-पत्रों से संबंधित कुल 12 प्रकरण सुनवाई एवं विचारार्थ प्रस्तुत किए गए। समिति ने सभी प्रकरणों में उपलब्ध अभिलेखों, पक्षकारों द्वारा प्रस्तुत अभ्यावेदनों तथा संबंधित तथ्यों का परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समिति के समक्ष सुनवाई के लिए प्रस्तुत 06 प्रकरणों में पद्मभूषण काशी, संयुक्त संचालक, संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, रायपुर;सोमवती कोल, पूर्व सरपंच; संचिता रानी मंडल, प्रधान पाठक; लक्ष्मी ठाकुर, पर्यवेक्षक, महिला एवं बाल विकास विभाग; हास्य प्रभा अंगारे, स्टेनोग्राफर तथा नगर पंचायत मोहला-मानपुर की अध्यक्ष नम्रता सिंह जैन का प्रकरण शामिल था। इन प्रकरणों में जाति प्रमाण-पत्र धारकों एवं शिकायतकर्ताओं को समिति के समक्ष उपस्थित होने का अवसर दिया गया। समिति द्वारा दोनों पक्षों को सुनते हुए उनके अभ्यावेदनों को अभिलेख पर लिया गया।

नगर पंचायत मोहला-मानपुर की अध्यक्ष नम्रता सिंह जैन के प्रकरण की सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों के उपस्थित होने के कारण बैठक स्थल पर भीड़ बढ़ गई। व्यवस्था एवं सुनवाई की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। उच्च स्तरीय समिति के अध्यक्ष सोनमणि बोरा से ग्रामीणों के मुलकात के बाद व्यवस्था साधारण हो गई और पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए समिति ने प्रकरण की सुनवाई पूरी की। समिति ने सभी पक्षों को सुनने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रकरण पर विचार करने की कार्रवाई की।

इसके अतिरिक्त समिति के समक्ष रविन्द्र कुमार वासनिक, सहायक ग्रेड-01; वासुदेव चौहान, जोन कमिश्नर; अंजु कुमारी; जीवन लिव्हिंगस्टन, सहायक ग्रेड-02;हेमलता भंसारे, स्टेनोटायपिस्ट तथा लक्ष्मी नारायण महतो, प्रवर अधीक्षक के कुल 06 प्रकरण भी विचारार्थ प्रस्तुत किए गए। समिति द्वारा इन प्रकरणों में उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों का परीक्षण किया गया।

बैठक में कुल 12 प्रकरणों में से ’’06 प्रकरणों पर आदेश पारित किए जाने तथा 02 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किए जाने’’ के निर्देश दिए गए। शेष 04 प्रकरणों में से 01 प्रकरण में जाति प्रमाणित करने संबंधी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने, 01 प्रकरण में कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा 01 प्रकरण में पुलिस निरीक्षक को एक माह के भीतर अन्वेषण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं 01 प्रकरण भारत सरकार स्तर पर विचाराधीन होने के कारण वहां से निर्णय प्राप्त होने तक लंबित रखने के निर्देश दिए गए।

उच्च स्तरीय समिति की बैठक में संचालक लोक शिक्षण संचालनालय एवं सदस्य ऋतुराज रघुवंशी, संचालक भु-अभिलेख एवं सदस्य विनित नंदनवार, टीआरटीआई की संचालक एवं सदस्य सचिव हीना अनिमेष नेताम, सहायक अनुसंधान अधिकारी डॉ. अनिल वीरूलकर, सहायक संचालक रमा उइके उपस्थित थे।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version