राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां गंभीर बीमारी की लाचारी और अपनों को बचाने की उम्मीद का फायदा उठाकर शातिर ठगों ने आस्था के नाम पर बड़ा फरेब खेला। गुंडरदेही ब्लॉक के रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम सिर्री की रहने वाली प्रेमलता चंद्राकर के साथ जो हुआ, वह किसी फिल्मी साजिश से कम नहीं है। प्रेमलता के पति चौथे स्टेज के कैंसर जैसी भयानक बीमारी से जूझ रहे थे। पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा था। ऐसे में एक दिन प्रेमलता ने एक टीवी चैनल पर ‘लक्ष्मी नारायण ज्योतिष संस्था’ का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में पंडित वेद प्रकाश तिवारी दावा कर रहा था कि विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान से गंभीर से गंभीर बीमारियों का अंत किया जा सकता है। डूबते को तिनके का सहारा चाहिए होता है; इसी उम्मीद में महिला ने उस नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद शुरू हुआ ठगी और ब्लैकमेलिंग का सिलसिला। संस्था से जुड़े राहुल तिवारी, सृजन तिवारी और उनके साथियों ने फोन पर लगातार यह विश्वास दिलाया कि पूजा से सब ठीक हो जाएगा। शुरुआत में छोटी राशि से खेल शुरू हुआ, लेकिन धीरे-धीरे आरोपियों ने कैंसर के इलाज के नाम पर कुल 13 लाख 13 हजार 673 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। पति की जिंदगी बचाने के लिए लाचार महिला ने अपना सोना तक गिरवी रख दिया, रिश्तेदारों से कर्ज लिया और अपनी बेटी तक के पैसे इसमें झोंक दिए। पैसे ऐंठने के बाद भी शातिर ठगों का मन नहीं भरा। इसके बाद एक दूसरा किरदार सामने आया जिसने खुद को असली ‘वेद प्रकाश तिवारी’ बताते हुए वीडियो कॉल किया और कहा कि राहुल और सृजन ने उसके नाम का गलत इस्तेमाल कर ठगी की है। उसने दो महीने में पैसे लौटाने का झूठा भरोसा देकर सहानुभूति बटोरी। लेकिन यह एक सोची-समझी साजिश का अगला हिस्सा था। इसके बाद असली-नकली के इस खेल में आरोपियों ने महिला को फोन कर डराना शुरू कर दिया कि राहुल के पिता ने आत्महत्या कर ली है और सुसाइड नोट में प्रेमलता तथा उसका नाम लिख दिया है। आरोपियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर महिला से उसके दस्तावेज और फोटो भी मंगवा लिए। अंततः तंग आकर और हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने थाने का दरवाजा खटखटाया है। पुलिस ने आवेदन लेकर डिजिटल साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
Trending
- 27वें शहादत दिवस पर शहीद कौशल यादव की धातु मूर्ति का अनावरण
- सीसीएल के श्रेणी-I कर्मचारियों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित – भारतीय पीएसयू
- बीसीसीएल, टाटा स्टील ने संयुक्त वाशरी के प्रदर्शन की समीक्षा की, भविष्य की साझेदारी के अवसरों का पता लगाया – भारतीय पीएसयू
- सरकार ने E20 पेट्रोल सुरक्षा की पुष्टि की; 20% से अधिक इथेनॉल मिश्रण पर अभी तक कोई निर्णय नहीं – भारतीय पीएसयू
- एनटीपीसी Q1 FY27 का मुनाफा 12% बढ़कर ₹5,342 करोड़; EBITDA में वृद्धि, हरित ऊर्जा विस्तार ने गति पकड़ी – भारतीय PSU
- PESB ने IOCL के कार्यकारी मनोहरन पोथेरी को FACT – भारतीय PSU का निदेशक (वित्त) नियुक्त करने की सिफारिश की
- ओएनजीसी ने समुद्र मंथन मिशन के तहत महानदी बेसिन में पहला गहरे पानी का कुआं बनाया – भारतीय पीएसयू
- कगपसक भर्ती घोटाला : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टामन सोनवानी को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 7 दिन की रिमांड पर सौंपा – राष्ट्रवाणी

