राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, नारायणपुर। अबूझमाड़ में बरसात का मतलब केवल हरियाली नहीं, बल्कि कई गांवों का दुनिया से कट जाना भी होता है। उफनते नाले रास्ते निगल लेते हैं और इलाज, पढ़ाई, बाजार तथा जरूरी सेवाओं तक पहुंच थम जाती है। इस बार आईटीबीपी की 44वीं वाहिनी ने ऐसी ही मुश्किलों के बीच उम्मीद के पुल खड़े किए हैं। ओरछा ब्लॉक के 14 गांवों में जवानों ने स्थानीय लकड़ी और उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी फुट ब्रिज तैयार किए हैं। इन पुलों से अब ग्रामीण और दोपहिया वाहन चालक सुरक्षित आवाजाही कर रहे हैं। वर्षों से बरसात में जिन नालों को पार करना जान जोखिम में डालने जैसा था, वहां अब लोगों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। माओवाद प्रभावित रहने के कारण इस इलाके में लंबे समय तक सड़क और पक्के पुलों का विकास नहीं हो सका। हर मानसून में गांवों का संपर्क टूट जाता था। कई बार बीमारों को चारपाई पर उठाकर नाले पार कराए जाते थे, जबकि बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित होती थीं। ग्रामीण माड़वी भीमा कहते हैं कि पहले बरसात आते ही गांव खुद को दुनिया से कटा हुआ महसूस करता था, लेकिन अब पुल बनने से काफी राहत मिली है। कुतुल गांव की हिडमे कवासी बताती हैं कि बच्चों का स्कूल जाना अब पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हो गया है। 44वीं वाहिनी के सेनानी सिद्धिक पी. पी. ने कहा कि आईटीबीपी केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन को सुगम बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। स्थायी पुल बनने तक ये अस्थायी पुल हजारों ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा बने रहेंगे।
Trending
- बीसीसीएल ने उत्पादन, गुणवत्ता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए कोयला भवन में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की – भारतीय पीएसयू
- सीआईआई ऊर्जा दक्षता शिखर सम्मेलन 2026: ऊर्जा दक्षता एआई-संचालित नेट ज़ीरो की दौड़ में प्रमुख प्रतिस्पर्धात्मक लाभ के रूप में उभरी – भारतीय पीएसयू
- “घमंड में चूर है भारत! जीत के बाद भी ट्रॉफी ठुकराई…” पूर्व पाक दिग्गज का तीखा हमला
- “हम रोबोट नहीं हैं… दर्द होता है!” प्लेइंग-11 की राजनीति और ट्रोलिंग पर संजू सैमसन का भयंकर विस्फोट
- “संजू-वैभव को बर्बाद कर रहे गंभीर!” दिग्गज भारतीय कप्तान ने खोला कोच के खिलाफ मोर्चा
- कॉपरनिकस: रिकॉर्ड के अनुसार अगस्त विश्व का संयुक्त रूप से सबसे गर्म महीना था – भारतीय पीएसयू
- दर्दनाक सड़क हादसा: पत्रकार शेख आलम की मौत, इधर ट्रांसफार्मर में जा घुसी सवारियों से भरी पिकअप – राष्ट्रवाणी
- झीरम हत्याकांड: ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ मामले में NIA कोर्ट आज 4.30 बजे दोषियों को सुनाएगा सजा… – राष्ट्रवाणी

