राष्ट्रवाणी: न्यूज, जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण के जंगलों से निकलकर तेज गेंदबाज रुद्रप्रताप देहारी अब दक्षिण अफ्रीका की पिचों पर अपनी गेंदों की रफ्तार दिखाएंगे। 140 किमी प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करने वाले रुद्रप्रताप का चयन मुंबई इंडियंस-रिलायंस टीम में हुआ है। वे 10 अगस्त को टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होंगे। चार साल पहले बेहतर क्रिकेट अवसरों की तलाश में रुद्रप्रताप कटेकल्याण से जगदलपुर पहुंचे थे। यहां स्थानीय क्रिकेटर प्रदीप गुहा की अकादमी में उन्हें अपनी तेज गेंदबाजी को निखारने का मौका मिला। इसी अकादमी में उन्होंने पहली बार ड्यूज बॉल से अभ्यास शुरू किया। अकादमी पहुंचने के समय से ही रुद्रप्रताप की गेंदों में अच्छी रफ्तार थी। उनकी गति को सही तरीके से जानने के लिए प्रदीप गुहा ने स्पीड मशीन तक खरीदी। उस समय रुद्रप्रताप 120 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते थे। निरंतर अभ्यास और मेहनत के बाद उनकी गति बढ़ती गई और अब वे 140 किमी प्रति घंटे तक गेंद फेंक रहे हैं। रुद्रप्रताप ने केवल नेट्स में ही अपनी रफ्तार नहीं दिखाई, बल्कि प्रतियोगी क्रिकेट में भी खुद को साबित किया। उन्होंने अंडर-19 कूच बिहार ट्राफी, वीनू मांकड़ ट्राफी और अंडर-23 सीके नायडू ट्राफी में हिस्सा लेकर अपनी गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ा। पिछले दो वर्षों में कूच बिहार और सीके नायडू ट्राफी में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद वे छत्तीसगढ़ के उभरते हुए तेज गेंदबाजों में अपनी जगह बनाने में सफल रहे। हाल ही में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग में भी रुद्रप्रताप ने अपनी तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया। टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट बालर का खिताब दिया गया। फिलहाल रुद्रप्रताप कर्नाटक में छत्तीसगढ़ रणजी टीम के साथ अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान मुंबई इंडियंस-रिलायंस टीम में चयन की खबर सामने आई, जिसने उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा दे दी। अब बस्तर की पगडंडियों और मैदानों में तैयार हुई रुद्रप्रताप की रफ्तार दक्षिण अफ्रीका की पिचों पर दिखाई देगी। कटेकल्याण से शुरू हुआ उनका यह सफर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मैदान की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version