राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। प्राकृतिक आपदाओं और अनिश्चित मौसम की मार से फसलों को बचाने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने के लिए अब केवल तीन दिन का समय शेष है। जिले के किसान आगामी 31 जुलाई 2026 तक अपनी खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं। इस वर्ष जिले में धान (सिंचित व असिंचित) और मक्का की फसल को अधिसूचित किया गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ ऋणी व अऋणी किसानों के साथ-साथ भू-धारक, बटाईदार और वनपट्टाधारी कृषक भी उठा सकते हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस साल अल-नीनो के असर से मानसून की अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे सूखा, अतिवृष्टि या लंबे अंतराल तक बारिश न होने जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे जोखिम से निपटने के लिए फसल बीमा किसानों के लिए सबसे बड़ा ढाल है। योजना के तहत बुवाई न हो पाने, रोपाई में विफलता, स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं और फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान की भी भरपाई की जाती है। किसी भी आपदा की स्थिति में किसान 72 घंटे के भीतर केंद्र सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देकर सीधे मुआवजा दावा प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। जिन किसानों ने केसीसी या कृषि ऋण लिया है, वे अपनी सेवा सहकारी समिति या बैंक शाखा से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। वहीं अऋणी किसान नजदीकी लोक सेवा केंद्र, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि या सीधे पीएम फसल बीमा पोर्टल के जरिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना ऋण वाले किसानों को बीमा कराने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, जमीन संबंधी दस्तावेज (बी-1 व पी-2) तथा फसल विवरण का स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा। किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से भी मदद ले सकते हैं। विभाग ने विशेष रूप से उन किसानों से भी बीमा कराने का आग्रह किया है, जिन्होंने बीते वर्ष असहमति आवेदन देकर योजना से दूरी बना ली थी। अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय पर बीमा कराने की सलाह दी गई है। मौसम में अनिश्चितता और अल-नीनो के खतरे को देखते हुए फसल बीमा किसानों के लिए बेहद जरूरी है। 31 जुलाई अंतिम तिथि है, इसलिए किसान अंतिम समय का इंतजार किए बिना तत्काल पंजीयन कराएं। जो किसान पिछले वर्ष असहमति आवेदन देकर बाहर हो गए थे, वे भी इस बार अपनी फसलों का बीमा जरूर कराएं ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा में वित्तीय सुरक्षा मिल सके। पीडी हथेश्वर, उप संचालक कृषि बिलासपुर।
Trending
- किसानों के लिए अलर्ट: फसल बीमा का लाभ लेने केवल तीन दिन शेष, 31 जुलाई तक कराएं पंजीयन – राष्ट्रवाणी
- गुरु पूर्णिमा पर विशेष संपादकीय : गुरु ही गोविंद हैं – संदीप अखिल – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ : भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर, मुख्यमंत्री साय ने कहा- बाढ़ की स्थिति से निपटने सभी कलेक्टर अलर्ट – राष्ट्रवाणी
- फुनगा के किसान दयाराम सिंह ने अपनाया नैनो डीएपी, आधुनिक खेती की ओर बढ़ाया कदम – राष्ट्रवाणी
- आजादी के 79 वर्षों बाद भिरागांव को मिली पक्की सड़क की सौगात, ग्रामीणों ने विधायक लता उसेण्डी का जताया आभार – राष्ट्रवाणी
- गुरु पूर्णिमा पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं – राष्ट्रवाणी
- कृत्रिम गर्भाधान से बदली प्रेम कुमारी की तकदीर, डेयरी से हर माह ₹25 हजार की आय – राष्ट्रवाणी
- राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने रचा इतिहास, रजत पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान – राष्ट्रवाणी

