राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी और आसपास के इलाकों में सोमवार से मंगलवार के बीच हुई तीन अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। तीनों मामलों की परिस्थितियां अलग-अलग हैं, लेकिन परिणाम एक ही रहा- तीन लोगों की जान चली गई। इनमें दो मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अभनपुर में चौकीदार की हत्या अब भी रहस्य बनी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी। पुलिस के अनुसार, नंदनी और करण की तीन वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और वे लगातार संपर्क में रहने लगे। हालांकि पिछले कुछ महीनों से दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। आरोपी को नंदनी पर बेवफाई का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर करण ने नंदनी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित तालाब में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। दूसरी घटना मुजगहन थाना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। यहां बीएड की पढ़ाई कर रही कांकेर निवासी भारती नेताम की उसके लिव-इन पार्टनर सावंत बघेल ने हत्या कर दी। आरोपी ने मारपीट के बाद भारती का गला दबा दिया। घटना के बाद आरोपी युवती को बेसुध हालत में मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने बाद में उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मुजगहन पुलिस के अनुसार, भारती नेताम पिछले छह-सात महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मृतका की शिक्षिका बहन ने पुलिस को बताया कि सावंत अक्सर भारती के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। 4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर अपनी बहन को बताया था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है और वह वापस गांव कोकपुर लौटना चाहती है। परिजनों के अनुसार, 5 अगस्त को मेकाहारा पहुंचने पर भारती का शव स्ट्रेचर पर मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले थे। तीसरी घटना अभनपुर थाना क्षेत्र के टोकारो छांटा तालाब की है, जहां मछली पालन केंद्र में चौकीदारी करने वाले जलसिंह सिदार की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतक मूल रूप से ओडिशा के बरगढ़ जिले का रहने वाला था। उसके परिजन पास के ही एक अन्य मछली पालन केंद्र में काम करते हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। मृतक की किसी से पुरानी रंजिश थी या फिर चोरी अथवा किसी अन्य कारण से वारदात को अंजाम दिया गया, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
Trending
- कग वेाथेर 7th August: अगले 48 घंटे में बदलेगा मौसम… उत्तरी छत्तीसगढ़ के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट – राष्ट्रवाणी
- मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि, सासकि 2026-27 के तहत 50 करोड़ रुपये पाने वाला देश का बना पहला राज्य – राष्ट्रवाणी
- अमरकंटक एक्सप्रेस से आया 500 किलो पनीर जांच में सही पाया गया, खुले पनीर के सैंपल अमानक – राष्ट्रवाणी
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि
- छत्तीसगढ़ में बाल श्रम पर एक्शन… दुर्ग में 7 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू, मशरूम फैक्ट्री में ले जाने की थी तैयारी – राष्ट्रवाणी
- कांकेर में सांप के काटने पर युवक ने उसे गले में लपेटा और खुद बाइक चलाकर निकला अस्पताल, विदेो वायरल – राष्ट्रवाणी
- राजनंदगांव में भाजपा ने गुटबाजी पर लिया बड़ा एक्शन! पांच नेता छह साल के लिए निष्कासित, 111 इस्तीफों के बाद कड़ा फैसला – राष्ट्रवाणी
- बरसात में बढ़ा गजराज का कहर : धरमजयगढ़ वन मंडल में 124 हाथियों का डेरा, तीन दिन में 6 मकान, 83 किसानों की फसलें तबाह – राष्ट्रवाणी
