राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, जांजगीर चांपा। नकली नोट चलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 500-500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपित शराब दुकान में फर्जी नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि 20 जुलाई को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली कि एक युवक 500 रुपये का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपित ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष), निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़ का रहने वाला बताया। वह अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने अकलतरा आया था। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 500-500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए। पुलिस ने नोटों का परीक्षण स्टेट बैंक अकलतरा में कराया, जहां जांच में सभी नोट नकली पाए गए। चारों नोटों का सीरियल नंबर भी एक ही मिला, जिससे उनके फर्जी होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लाया था और उन्हें शराब दुकान में खपाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 180 बीएनएस में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version