भिलाईनगर, 08 अगस्त 2026। दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दर्ज 66 प्रकरणों में जब्त करीब 1.20 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया। न्यायालयीन एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।

नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 138.196 किलोग्राम गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1758 नशीली टेबलेट, 2772 नशीले कैप्सूल और 837 नग नशीली दवाई के सीरप शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग एवं नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के तहत गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति ने 8 अगस्त को नष्टीकरण की कार्रवाई पूरी की। सभी प्रकरणों में आवश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जब्त सामग्री को निर्धारित नियमों के अनुसार नष्ट किया गया।

BSP के एसएमएस-03 में गांजा और हेरोइन का नष्टीकरण

जब्त गांजा, हेरोइन, टेबलेट और कैप्सूल का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एसएमएस-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया। वहीं नशीली दवाई के 837 सीरप का नष्टीकरण नेवई थाना क्षेत्र के नेवईभाठा में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया।

पूरी कार्रवाई के दौरान पर्यावरण विभाग एवं संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति लेते हुए सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का पालन किया गया।

अधिकारी रहे मौजूद

नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान दुर्ग के उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अशोक अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिला पुलिस की डीसीआरबी शाखा एवं औषधि निपटान समिति के अधिकारी-कर्मचारियों ने निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई संपादित की। पर्यावरण विभाग, नगर निगम भिलाई और BSP के एसएमएस-03 के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आवश्यक सहयोग रहा।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, बिक्री या सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version