राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, जगदलपुर। जहां हर रोज लोहे के भारी दरवाजे खुलते और बंद होते हैं, जहां कदमों की आहट के साथ सुरक्षा की सतर्क निगाहें चलती हैं, वहीं शुक्रवार को जगदलपुर केंद्रीय जेल का एक कोना कुछ घंटों के लिए विवाह मंडप में बदल गया। सलाखों के साये में वैदिक मंत्र गूंजे, अग्नि जली, वरमाला पड़ी और सात फेरों के साथ एक ऐसा रिश्ता सामाजिक मान्यता तक पहुंचा, जिसकी शुरुआत प्रेम से हुई थी और सफर अदालत व जेल की चौखट तक जा पहुंचा। परपा थाना क्षेत्र के राजूर गांव निवासी सुरेश सेठिया 16 जनवरी 2026 से दुष्कर्म के एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में केंद्रीय जेल में निरुद्ध है। युवती की शिकायत पर उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, लेकिन सुनवाई के दौरान घटनाक्रम ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया। युवती स्वयं विशेष सत्र न्यायालय (अट्रोसिटी) पहुंची और न्यायालय को बताया कि वह और सुरेश लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं तथा विवाह करना चाहते थे। अलग-अलग जाति होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और उसी दबाव में उसने शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों के बालिग होने और आपसी सहमति को देखते हुए न्यायालय ने विशेष अनुमति देते हुए जेल परिसर में विवाह कराने की अनुमति दी। शुक्रवार को सीमित संख्या में दोनों परिवारों के सदस्य, अधिवक्ता और जेल अधिकारी निर्धारित नियमों के तहत मौजूद रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच वैदिक रीति-रिवाज से विवाह की सभी रस्में पूरी हुईं। कुछ देर के लिए जेल की कठोर दीवारों के भीतर भी रिश्तों की गर्माहट और उम्मीद की एक नई तस्वीर दिखाई दी। जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश, जेल नियमों और कानूनी प्रावधानों का पूरी तरह पालन करते हुए विवाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। हालांकि विवाह के बाद भी दुष्कर्म का मामला न्यायालय में विचाराधीन रहेगा और उसका अंतिम निर्णय साक्ष्यों व न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होगा।
Trending
- एनएमडीसी ने पन्ना खदान में 27.29 कैरेट रत्न-गुणवत्ता वाले हीरे का पता लगाया – भारतीय पीएसयू
- भारतीय पीएसयू झारखंड में दो प्रमुख सीसीएल खदानों की सुरक्षा सीआईएसएफ अपने हाथ में लेगी
- विश्वकर्मा पूजा: सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल ने कंपनी क्षेत्रों में समारोह में भाग लिया – भारतीय पीएसयू
- उद्योग जगत ने भारत की डीकार्बोनाइजेशन यात्रा में तेजी लाने के लिए ₹3,590 करोड़ की प्रतिबद्धता जताई – भारतीय पीएसयू
- यूपी बिजली संकट: कोयला मंत्रालय ने 973 मिलियन टन से अधिक के कोयला ब्लॉक पर राज्य को नोटिस दिया – भारतीय पीएसयू
- एचएएल तेजस ट्विन सीटर, एचटीटी-40 ट्रेनर भारतीय वायुसेना को और ध्रुव एनजी हेलीकॉप्टर पवन हंस को सौंपेगा – भारतीय पीएसयू
- सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक 28 सितंबर से तीन दिनों तक बंद रहने की संभावना: एआईबीईए ने हड़ताल का आह्वान किया – भारतीय पीएसयू
- जीआरएसई को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए देश का सर्वोच्च सम्मान – “राजभाषा कीर्ति पुरस्कार” से सम्मानित किया गया – भारतीय पीएसयू
