राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम का वर्षों पुराना ढांचा अब पूरी तरह आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। नगर निगम ने स्टेडियम को नया स्वरूप देने के लिए सात करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी की है। सबसे बड़ा बदलाव सेंट्रल एयर कंडीशनिंग सिस्टम में होगा, जिसे पूरी तरह अपग्रेड किया जाएगा। इसके अलावा खराब पड़े चिलर प्लांट को बदला जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों की इंडोर स्पोर्ट्स फ्लोरिंग, एलईडी लाइटिंग, वाटरप्रूफिंग, नए पेंट, ड्रेनेज सुधार और शौचालयों के नवीनीकरण का काम भी किया जाएगा। स्टेडियम में बैडमिंटन, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताओं के साथ राज्य स्तरीय सांस्कृतिक, सामाजिक और शासकीय कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। लंबे समय से सीलन, खराब एसी व्यवस्था और जर्जर सुविधाओं की शिकायतें मिल रही थीं। अब प्रस्तावित उन्नयन के बाद खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को आधुनिक और सुविधाजनक वातावरण मिलने की उम्मीद है। स्टेडियम का सेंट्रल एयर कंडीशनिंग सिस्टम लंबे समय से क्षमता के अनुरूप काम नहीं कर पा रहा है। वहीं चिलर प्लांट भी खराब होने से बड़े आयोजनों के दौरान गर्मी और उमस की समस्या बनी रहती है। नई योजना के तहत पूरा एसी सिस्टम अपग्रेड किया जाएगा और नया चिलर प्लांट लगाया जाएगा। इससे पूरे परिसर में समान तापमान बनाए रखना संभव होगा और राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में सुविधा मिलेगी। यह स्टेडियम केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं है। यहां समय-समय पर राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरकारी सम्मेलन, सम्मान समारोह और सामाजिक आयोजन भी होते हैं। चार हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस परिसर में सीटों की मरम्मत और सफाई के साथ शौचालयों का नवीनीकरण भी किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों के साथ आम नागरिकों और आयोजकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इंडोर स्टेडियम के उन्नयन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सात करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम में सेंट्रल एसी सिस्टम, चिलर प्लांट, इंडोर फ्लोरिंग, लाइटिंग, वाटरप्रूफिंग, ड्रेनेज और अन्य जरूरी मरम्मत कार्य किए जाएंगे। – दीपक जायसवाल, अध्यक्ष (पीडब्ल्यूडी विभाग), नगर निगम रायपुर

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version