रायपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज भिलाई के बैकुंठ नगर में भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. वहां अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने की. विधायक रिकेश सेन और ललित चन्द्राकर तथा दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सब भारतीय मजदूर संघ का 70वां स्वर्णिम स्थापना दिवस मना रहे हैं. उन्होंने संघ के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि मजदूर भाईयों ने विगत 70 सालों से भारतीय मजदूर संघ के साथ ही देश को रचनात्मक दिशा देने का कार्य किया है. भारतीय मजदूर संघ दुनिया का सबसे बड़ा संघ है. इसने देश को आत्मनिर्भर बनाने में सरकार और मजदूरों के मध्य सेतु का कार्य किया है. साव ने कहा कि मोदी सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार भी इस दिशा में काम कर रही है. श्रमिकों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता में है. उन्होंने संघ की मांग पर भवन के लिए पदाधिकारियों से जमीन की व्यवस्था करने का आग्रह किया. उन्होंने भवन के निर्माण के लिए हरसम्भव सहयोग का भरोसा दिलाया.
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कार्यक्रम में भारत की आजादी के बाद गठित विभिन्न मजदूर संघों और उनकी विचारधारा के बारे में विस्तार से जानकारी दी. विधायक रिकेश सेन ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक संगठन नहीं विचारधारा है. विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा कि संघ मजदूरों के हितों के साथ ही राष्ट्रीय हित के लिए भी काम करते आ रहा है. भिलाई में बड़ी संख्या में मजदूर विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत् हैं. वे सभी भारतीय मजदूर संघ से जुड़े हैं. स्थापना दिवस कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, मजदूर और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे.

