Suresh Raina: पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना को प्रवर्तन निदेशालय ने ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एप से जुड़े मामले में बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि रैना कल (13 अगस्त) ईडी के समक्ष कथित अवैध सट्टेबाजी एप से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए पेश हो सकते हैं। संघीय जांच एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनके बयान दर्ज कर सकती है।
क्या है मामला?
सूत्रों ने बताया कि रैना को 1xBet नामक एप से जुड़े अवैध सट्टेबाजी मामले में पूछताछ के लिए 13 अगस्त को एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर कुछ विज्ञापनों के जरिए इस एप से जुड़े हैं। ईडी अधिकारियों द्वारा पूछताछ के दौरान इस एप से उनके संबंधों को समझने की उम्मीद है। बता दें कि, एजेंसी अवैध सट्टेबाजी एप्स से जुड़े कई ऐसे मामलों की जांच कर रही है, जिन पर कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी मात्रा में कर चोरी करने का आरोप है।
सुरेश रैना का शानदार क्रिकेट करियर
सुरेश रैना भारत के सबसे सफल मिडल ऑर्डर बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 322 मैचों में करीब 8000 रन बनाए हैं। इसके अलावा वो तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। रैना का आईपीएल करियर भी बेहद शानदार रहा है। 205 मुकाबलों में उन्होंने 5528 रन बनाए हैं और उन्हें ‘मिस्टर आईपीएल’ का टाइटल भी मिला है। चार बार सीएसके को चैंपियन बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। उनके 100* रन की पारी आज भी आईपीएल की यादगार पारियों में से एक मानी जाती है।

