🔴 सामने आई वजह
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 08 मई 2026। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर गाज गिरने की सबसे बड़ी वजह उनकी खराब फॉर्म है, जिसने चयर्नकर्ताओं के सब्र के बांध को अब तोड़ दिया है. सूर्यकुमार यादव खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. कप्तान बनने के बाद से सूर्या के प्रदर्शन में गिरावट आई है.
भारत को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने वाले सूर्यकुमार यादव पर गाज गिर सकती है. सूर्या से भारत की टी20 टीम की कप्तानी छिन सकती है. टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार श्रेयस अय्यर सूर्या को रिप्लेस कर सकते हैं. रिपोर्ट के अनुसार IPL 2026 के बाद जब भारत की टी20 टीम चुनी जाएगी तो चयनकर्ता अय्यर को बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकते हैं.
42 पारियों में केवल 932 रन
जुलाई 2024 में सबसे छोटे फॉर्मेट में कप्तान का पद संभालने के बाद से सूर्या की फॉर्म बेहद खराब रही है और इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में ही वह कुछ रन बना पाए. सूर्या फुल टाइम कप्तान बनने के बाद से 42 पारियों में केवल 932 रन ही बना पाए हैं. उन्होंने बतौर कप्तान छह फिफ्टी लगाई. मार्च 2021 में भारत के लिए टी20 में डेब्यू करने के बाद से सूर्या ने 113 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 36.35 की औसत और 162.94 की स्ट्राइक रेट से 3272 रन है. उनके नाम चार शतक और 25 अर्धशतक है.
बड़ी टीमों के खिलाफ फ्लॉप
कप्तान बनने के बाद उसका सबसे खराब प्रदर्शन नवंबर 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों में उन्होंने 8.66 की औसत से 26 रन ही बनाए थे. इसके बाद जनवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी वह फ्लॉप रहे और पांच पारियों में 5.60 की औसत से सिर्फ 28 रन बनाए. एशिया कप 2025 में भी उनका बल्ला नहीं चला और छह पारियों में 18 की औसत से 72 रन बनाए. इसके बाद दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चार मैचों में 8.50 की औसत से उन्होंने 34 रन बनाए.
कप्तान बनने के बाद गिरी सूर्या की फॉर्म
कप्तान बनने के बाद सूर्या की स्ट्राइक रेट और औसत में भी गिरावट आई है. कप्तानी मिलने से पहले यानी जुलाई 2024 से पहले सूर्या का औसत 43.60 और स्ट्राइक रेट 168.75 की थी. जबकि कप्तानी के बाद उनका औसत 25.88 पहुंच गया, जबकि स्ट्राइक रेट भी गिरकर 152.03 पहुंच गई. जुलाई 2024 से पहले उन्होंने 4 शतक और 20 अर्धशतक लगाए थे, जबकि इसके बाद उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला और अर्धशतक भी सिर्फ छह लगा पाए.

